भीमताल । जिलाधिकारी वंदना सिंह के निर्देश पर हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में वार्डवार जन सुविधा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों का उद्देश्य क्षेत्रीय जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और सरकारी योजनाओं का लाभ मौके पर उपलब्ध कराना है। गुरुवार को वार्ड संख्या 37 के लिए कालिका मंदिर चोपुला और वार्ड संख्या 38 के लिए लक्ष्मी गार्डन वेंकेट हॉल में शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनमें मुख्य रूप से विद्युत विभाग, राशन कार्ड, पेयजल आपूर्ति और स्ट्रीट लाइट से संबंधित मुद्दे प्रमुख रहे। अधिकारियों ने कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया।
शिविरों में पूर्ति विभाग से 27 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें नए राशन कार्ड बनाए जाने और नाम जोड़ने से संबंधित समस्याएं शामिल थीं। वहीं, स्ट्रीट लाइट लगाए जाने को लेकर 13 शिकायतें दर्ज हुईं। आधार सेवा केंद्र पर कुल 40 आधार कार्ड बनाए व संशोधित किए गए। इसके अलावा यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) के अंतर्गत विवाह पंजीकरण के 12 आवेदन प्राप्त हुए। शिविरों में सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, सहायक नगर आयुक्त जी.के. भट्ट, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, वार्ड 37 की पार्षद विद्या देवी और वार्ड 38 के पार्षद मनोज भट्ट मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours