बहुउद्देशीय शिविर में मंत्री कैड़ा ने सुनीं जनसमस्याएंअधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के दिए निर्देश

भीमताल। उत्तराखंड सरकार के शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन तथा जलागम प्रबंधन मंत्री राम सिंह कैड़ा ने राजकीय महाविद्यालय रवाईखाल में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में आमजन की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि बहुउद्देशीय शिविर का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है। शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया।

समाज कल्याण विभाग की ओर से पेंशन पत्र वितरित किए गए, जबकि बाल विकास विभाग ने महालक्ष्मी किट का वितरण किया। उद्योग विभाग की ओर से मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना सहित अन्य विभागों ने भी अपनी योजनाओं के तहत लाभार्थियों को लाभ प्रदान किया।

शिविर में स्वास्थ्य, राजस्व, समाज कल्याण, कृषि, दुग्ध विकास और स्वरोजगार सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं, किसान, युवा और जरूरतमंद परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान भी चलाया गया। स्वास्थ्य परीक्षण और जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से आमजन को योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त सभी जन शिकायतों का गंभीरता से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का पंजीकरण और आवश्यक कार्रवाई पूरी होने तक संबंधित अधिकारी शिविर स्थल पर उपस्थित रहें।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री राम सिंह कैड़ा ने आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours