भीमताल विधानसभा में सात पुलों के लिए 8.74 करोड़ रुपये स्वीकृत

भीमताल। विधानसभा क्षेत्र भीमताल में सड़क और पुलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए सात प्रमुख पुलों के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण को शासन से प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। राज्य योजना के तहत इन कार्यों के लिए कुल 8.74 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा के प्रयासों से स्वीकृति मिलने की बात कही गई है।

मंत्री कैड़ा ने बताया कि स्वीकृत कार्यों से भीमताल, भवाली, चांफी, पदमपुरी, खनस्यूं और पतलोट समेत आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में आवागमन को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी।

रानीबाग-भीमताल मार्ग पर भीमताल बाजार थाने के पास पुराने क्लास-बी पुल के स्थान पर 180.28 लाख रुपये की लागत से नया डबल लेन क्लास-ए मोटर सेतु बनाया जाएगा। खुटानी-चांफी मार्ग के घिंघरानी गधेरा में 143.93 लाख रुपये की लागत से पुराने सिंगल लेन क्लास-बी पुल के स्थान पर डबल लेन क्लास-ए मोटर सेतु का निर्माण होगा।

धानाचूली-खनस्यूं-पतलोट मार्ग पर काफली गधेरा, झड़गांव के पास 140.82 लाख रुपये से 21 मीटर लंबे डबल लेन क्लास-ए मोटर सेतु का निर्माण प्रस्तावित है। इसी मार्ग पर अनरबन गधेरा, झड़गांव के पास 126.71 लाख रुपये से पुराने पुल के स्थान पर नया डबल लेन क्लास-ए मोटर सेतु बनाया जाएगा। गोंगड़ा गधेरा के पास पुल को क्लास-ए लोडिंग क्षमता में बदलने के लिए 57.97 लाख रुपये के तकनीकी कार्य किए जाएंगे।

खुटानी-पदमपुरी मार्ग के पदमपुरी में मौजूदा पुल की क्षमता क्लास-बी से क्लास-ए करने के लिए 108 लाख रुपये की लागत से निरीक्षण, टेस्टिंग, स्ट्रक्चरल एनालिसिस और रीडिजाइन का कार्य होगा। वहीं, खुटानी-भवाली मार्ग पर खुटानी तिराहे के पास पुराने क्लास-बी पुल के स्थान पर 106.47 लाख रुपये की लागत से डबल लेन क्लास-ए मोटर सेतु का निर्माण किया जाएगा।

आवागमन के साथ व्यापार और पर्यटन को मिलेगी सुविधा

पुलों की भार वहन क्षमता बढ़ने से भारी वाहनों की आवाजाही सुगम होने की उम्मीद है। इससे स्थानीय काश्तकारों, फल-सब्जी उत्पादकों और व्यापारियों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। पर्यटन सीजन में भीमताल और भवाली क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में भी इन पुलों की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है। विकास कार्यों की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्रीय लोगों ने कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा का आभार जताया है।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours