वयोवृद्धों के सम्मान से मनाया अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, समाज में योगदान देने वाले वरिष्ठजन और कार्मिक हुए सम्मानित

भीमताल। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग नैनीताल की ओर से वरिष्ठ नागरिक जन कल्याण समिति हल्द्वानी के सहयोग से रामपुर रोड स्थित महारानी बैंकट हाल में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में वरिष्ठजनों के सामाजिक योगदान को सराहते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी कार्यक्रम में समां बांध दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष नवीन चंद वर्मा और विशिष्ट अतिथि उपाध्यक्ष शांति मेहरा रहे। अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष भुवन भास्कर पांडे ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण कर किया। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना, वंदे मातरम् गायन और समिति के संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय न्यायमूर्ति मुरारी लाल गुप्ता के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। महिलाओं ने गणेश वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया।

समारोह में समिति के पांच वयोवृद्ध सदस्यों, तीन विशिष्ट समाजसेवी वरिष्ठजनों, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने वाले सदस्यों, विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों तथा समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों को माला, स्मृति चिह्न और शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया।

बुजुर्गों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में एमएस सेवा संस्थान के बच्चों ने बेटी हिंदुस्तानी पर समूह नृत्य प्रस्तुत किया। श्री आनंद वृद्धाश्रम के बुजुर्गों ने नृत्य, कविता पाठ और संगीत की प्रस्तुतियां दीं। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों की खूब तालियां बटोरीं। सभी कलाकारों को भी सम्मानित किया गया।

जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम ने वरिष्ठजनों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी। मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि ने वरिष्ठजनों को समाज की अमूल्य धरोहर बताते हुए उनके अनुभवों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पारुल थपलियाल ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई। अध्यक्ष के धन्यवाद ज्ञापन के बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिक परिषद के उपाध्यक्ष नवीन चंद वर्मा, उपाध्यक्ष शांति मेहरा, अध्यक्ष भुवन भास्कर पांडे, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पारुल थपलियाल, जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम, अपर जिला समाज कल्याण अधिकारी असलम अली, मो. चांद, सहायक समाज कल्याण अधिकारी विपिन बिष्ट, जिला दिव्यांग केंद्र की डॉ. निधि, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र काठगोदाम के डॉ. विपुल शंकर, महिला अस्पताल हल्द्वानी की डॉ. दीपा और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदुखत्ता के रजत तिवारी सहित समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours