भीमताल । सोमवार को नैनीताल क्लब (शैले हॉल) में जिला पंचायत नैनीताल के निर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न हुआ। अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने सर्वप्रथम अध्यक्ष दीपा दर्मवाल और उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट को पद की शपथ दिलाई। इसके उपरांत अध्यक्ष ने सदस्यों को शपथ दिलाई। अध्यक्ष दीपा दर्मवाल ने नन्दा अष्टमी की बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में जिले को विकास की अग्रणी पंक्ति में ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत जनहित में निरंतर कार्य करेगी। वहीं उपाध्यक्ष देवकी देवी ने भरोसा दिलाया कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप समस्याओं का समाधान मिलजुलकर किया जाएगा। अपर मुख्य अधिकारी महेश कुमार ने जानकारी दी कि जिला पंचायत की प्रथम बैठक 6 सितम्बर को नैनीताल क्लब सभागार में पूर्वाह्न 11 बजे से आयोजित होगी। शपथ ग्रहण समारोह में विधायक सरिता आर्या, विधायक राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट सहित कई जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन हेमंत बिष्ट ने किया।

+ There are no comments
Add yours