आयुक्त के जनता मिलन में जिप्सी चालकों को बड़ी राहत, नागरिक समस्याओं का निस्तारण

Estimated read time 1 min read





भीमताल । शनिवार को कैम्प कार्यालय में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने रामनगर के जिप्सी चालकों को बड़ी राहत दी। आयुक्त ने कार्बेट टाइगर रिज़र्व से बाहर के क्षेत्रों में जिप्सी संचालन हेतु परमिट स्वीकृत कर दिए। इस फैसले से लगभग 50 जिप्सी चालकों को आजीविका के नए अवसर मिलेंगे और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। जनता मिलन के दौरान भूमि विवाद, विद्युत, जलसंस्थान, भरण-पोषण, घरेलू हिंसा, नक्शा सुधार और स्मार्ट मीटरों से संबंधित नागरिक समस्याओं पर भी सुनवाई हुई। स्मार्ट मीटर शिकायतों पर आयुक्त ने यूपीसीएल के मुख्य अभियंता को डाटा आकलन के निर्देश दिए, जबकि सितारगंज भूमि विवाद मामले में उपजिलाधिकारी रुद्रपुर से रिपोर्ट तलब की। आयुक्त ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया और शेष मामलों पर त्वरित कार्यवाही के स्पष्ट निर्देश दिए।
इस मौके पर देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय शूटिंग चैम्पियनशिप के पदक विजेता प्रतिभागियों ने नैनीताल जिला राइफल एसोसिएशन अध्यक्ष त्रिलोक सिंह कलाकोटी के नेतृत्व में आयुक्त से भेंट की। चैम्पियनशिप में जिले के 32 प्रतिभागियों में से 17 ने पदक जीते। आयुक्त ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और जिले का गौरव बढ़ाने की सराहना की। साथ ही कुमाऊं मंडल में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए आयुक्त ने सभी जिलाधिकारियों और विभागीय अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की आपदा की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जाएं। आमजन से अपील की कि भारी वर्षा के दौरान नदियों-नालों और जोखिमपूर्ण क्षेत्रों से दूर रहें तथा अनावश्यक यात्रा से बचें।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours