एसटीएच में कैथ लैब निर्माण का अजय भट्ट ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता पर जताई नाराजगी

Estimated read time 1 min read





भीमताल , 03 मई । पूर्व रक्षा राज्य मंत्री एवं नैनीताल-ऊधम सिंह नगर सांसद अजय भट्ट ने रविवार को सुशीला तिवारी चिकित्सालय में निर्माणाधीन कार्डियक कैथ लैब वार्ड का स्थलीय निरीक्षण किया। करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट की प्रगति पर संतोष जताते हुए उन्होंने कार्यदायी संस्था मंडी परिषद को कार्य में तेजी लाकर जल्द निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सांसद ने निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान कई स्थानों पर दीवारों में सीलन पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और मौके पर मौजूद अधिकारियों को तत्काल सुधार करते हुए गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कैथ लैब में लगने वाली मशीनें अत्यंत संवेदनशील होती हैं, जिन पर सीलन का प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

सांसद ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी इस अहम परियोजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और कार्य निर्धारित मानकों व तय समयसीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि कैथ लैब के शुरू होने से कुमाऊं मंडल में हृदय रोग से संबंधित उपचार सुविधाएं और बेहतर होंगी।

इस दौरान उन्होंने देश के जाने-माने हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ ओपी यादव से फोन पर वार्ता कर जल्द चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित करने की बात कही। इससे क्षेत्रीय जनता के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों के मरीजों को भी बेहतर उपचार सुविधा मिल सकेगी।

निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जी.एस. तितियाल, एसटीएच के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुण जोशी, प्रदीप विष्ट, प्रताप रेकवाल, शांति भट्ट सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours