तीन माह के मानसून अंतराल के बाद शुरू हुआ संचालन, 11 ऑपरेटर तीन क्लस्टरों में संभालेंगे जिम्मेदारी
भीमताल। तीन माह के मानसून अंतराल के बाद भीमताल में वर्ष 2026-27 का व्यवसायिक पैराग्लाइडिंग सीजन बुधवार से शुरू हो गया। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद की निर्धारित अनुमति और दिशा-निर्देशों के तहत जिन ऑपरेटरों को संचालन की अनुमति मिल गई है, उन्होंने बुधवार से उड़ानें शुरू कर दीं। शेष ऑपरेटरों को भी आगामी दो-तीन दिनों में अनुमति मिलने के बाद संचालन शुरू होने की उम्मीद है।
भीमताल में व्यवसायिक पैराग्लाइडिंग का संचालन तीन क्लस्टरों के माध्यम से 11 ऑपरेटरों द्वारा किया जा रहा है। मानसून के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से जुलाई से सितंबर तक पैराग्लाइडिंग गतिविधियां बंद रहती हैं। मौसम अनुकूल होने और आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने के साथ अनुमति मिलने के बाद प्रत्येक वर्ष नए सीजन में इसका संचालन शुरू किया जाता है।
उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के सदस्य नितिन राणा ने कहा कि भीमताल में व्यवसायिक पैराग्लाइडिंग लंबे समय से पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही है। पिछले 26 वर्षों से भीमताल में व्यवसायिक पैराग्लाइडिंग संचालित हो रही है। निर्धारित दिशा-निर्देशों और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए पर्यटकों को सुरक्षित और रोमांचक अनुभव उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भीमताल की प्राकृतिक सुंदरता, झीलों और आसपास की पर्वतीय वादियों का आसमान से दिखाई देने वाला दृश्य पर्यटकों के लिए खास आकर्षण है। देश के विभिन्न हिस्सों, विशेषकर उत्तर भारत से बड़ी संख्या में पर्यटक भीमताल पहुंचकर पैराग्लाइडिंग का आनंद लेते हैं।
नितिन राणा ने देशभर के पर्यटकों का भीमताल में स्वागत करते हुए कहा कि पैराग्लाइडिंग का नया सीजन शुरू हो गया है। पर्यटक भीमताल पहुंचकर प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने के साथ सुरक्षित और रोमांचक पैराग्लाइडिंग अनुभव का हिस्सा बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों के अनुरूप पैराग्लाइडिंग संचालन सुनिश्चित किया जा रहा है।

+ There are no comments
Add yours