नैनीताल में 123वां नंदा देवी महोत्सव शुरू, सांसद अजय भट्ट ने किया शुभारंभ

Estimated read time 1 min read





भीमताल । मल्लीताल स्थित राम सेवक सभा परिसर में गुरुवार को 123वां श्री माँ नंदा देवी महोत्सव 2025 का विधिवत शुभारंभ हुआ। सांसद अजय भट्ट ने दीप प्रज्वलित कर व निशान झंडे भक्तों को प्रदान कर कदली वृक्ष हेतु रवाना किया। सांसद भट्ट ने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी धार्मिक यात्रा नंदा राजजात यात्रा है, जो माँ नंदा देवी की शक्ति और कृपा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति हमें जोड़ने का काम करती है और मेले उसकी पहचान हैं। महोत्सव को और भव्य रूप से संपन्न कराने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल में हो रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि बलिया नाले की सुरक्षा, नैनीताल हेतु डबल रोड, ज्योलिकोट–क्वारब सड़क सुधार, पर्यटन परियोजनाएं और पटवाडांगर में कुमाऊं विश्वविद्यालय का नया कैंपस बनना क्षेत्र की बड़ी उपलब्धियां हैं। साथ ही नैनीताल सीवरेज प्लांट भी पटवाडांगर में स्थापित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने मेले की सफलता की कामना करते हुए कहा कि इसे राज्य सरकार द्वारा ‘ए श्रेणी मेला’ घोषित किया गया है, जिससे आयोजन के लिए शासन से अनुमन्य राशि उपलब्ध होगी। सांसद अजय भट्ट ने नैनीताल में हुए हालिया अग्निकांड पर शोक व्यक्त कर प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। विधायक सरिता आर्या ने ए श्रेणी मेला घोषित करने के लिए मुख्यमंत्री व पर्यटन मंत्री का आभार जताया। नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल ने कहा कि नंदा देवी मेले की परंपरा 123 सालों से चल रही है, जिसे भव्य बनाने में सभी का सहयोग सराहनीय है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा ने कहा कि मेले को शांति और सौहार्द के साथ संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है, जिसके लिए जनता का सहयोग आवश्यक है। मेलाधिकारी एवं एसडीएम धारी के.एन. गोस्वामी ने भी सभी से सहयोग की अपील की। इस अवसर पर राम सेवक समिति ने प्रशासन का आभार जताया। यशपाल रावत ने पर्यावरण संरक्षण की पहल करते हुए 21 पौधे भेंट किए। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सांय आरती-पूजा, प्रसाद वितरण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में विधायक सरिता आर्या, दर्जाधारी शांति मेहरा, पूर्व विधायक नारायण सिंह जंतवाल, नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, राम सेवक सभा अध्यक्ष मनोज साह, महासचिव जगदीश बवाड़ी सहित स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours