पंगोट-घुग्घू-सिंगड़ी मार्ग की मरम्मत समेत बिजली, पेयजल और शिक्षा से जुड़े कार्यों पर हुई चर्चा
भीमताल, 18 अगस्त। विकासखंड भीमताल के राजकीय इंटर कॉलेज सौड़ में मंगलवार को क्षेत्रीय विकास कार्यों और जनसुविधाओं से जुड़े विभिन्न प्रकरणों को लेकर बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत और नैनीताल विधायक सरिता आर्य ने की। बैठक के बाद अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने अधिकारियों को क्षेत्र की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों में संचालित योजनाओं और कार्यों की प्रगति की जानकारी दी।
पंगोट-सिंगड़ी मार्ग के लिए 2.74 करोड़ का प्रस्ताव
बैठक में पंगोट, घुग्घू और सिंगड़ी मार्ग की मरम्मत का मामला प्रमुखता से उठा। लोक निर्माण विभाग की ओर से मार्ग की मरम्मत के लिए करीब 2.74 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है। सीडीओ ने प्रस्ताव को शीघ्र वित्तीय स्वीकृति के लिए शासन को भेजने के निर्देश दिए।
वहीं पीएमजीएसवाई मार्ग के क्षतिग्रस्त करीब 500 से 700 मीटर हिस्से की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग को मार्ग का एक सप्ताह के भीतर नियमानुसार हस्तांतरण करने को कहा गया। साथ ही संशोधित प्रस्ताव तैयार कर पर्याप्त बजट के लिए इसे राज्य योजना में शामिल कराने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
छड़ा मार्ग का अधूरा कार्य पूरा कराने के निर्देश
छड़ा मार्ग के करीब 2.5 किलोमीटर छूटे हिस्से को नियमानुसार शामिल कर शेष कार्य पूरा कराने को कहा गया। वहीं बुधलाकोट-पंगोट मार्ग के लिए वन क्षेत्र और पेड़ों को न्यूनतम नुकसान हो, इसके लिए वैकल्पिक अलाइनमेंट का नए सिरे से सर्वे कराने तथा संशोधित प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए।
बुधलाकोट में सौर ऊर्जा से बिजली देने की तैयारी
बुधलाकोट क्षेत्र में बिजली आपूर्ति के लिए आरक्षित वन क्षेत्र में नई लाइन बिछाने में आ रही दिक्कतों को देखते हुए विद्युत विभाग और उरेडा को करीब 4.5 मेगावाट क्षमता की सौर ऊर्जा आधारित विशेष परियोजना का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। कुनखेत तोक में विद्युत लाइन का कार्य वर्षा ऋतु समाप्त होते ही शुरू कराने को भी कहा गया।
हरियाला मार्ग में देरी पर ठेकेदार पर कार्रवाई के निर्देश
हरियाला मार्ग के निर्माण में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर सीडीओ ने ठेकेदार के विरुद्ध अनुबंधीय प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। आवश्यकता पड़ने पर अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई करने को भी कहा गया।
सौड़ इंटर कॉलेज में खुलेगा विज्ञान वर्ग
राजकीय इंटर कॉलेज सौड़ में विज्ञान वर्ग कक्ष की स्वीकृति का प्रस्ताव भी बैठक में रखा गया। सीडीओ ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर विज्ञान वर्ग स्वीकृत कराने के लिए तत्काल प्रस्ताव और पत्राचार शासन को भेजने के निर्देश दिए।
पाइपलाइन बिछी, फिर भी नहीं पहुंचा पानी
जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा होने के बावजूद पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं होने का मामला भी बैठक में उठा। सीडीओ ने जल संस्थान और पेयजल निगम के अधिकारियों को तकनीकी बाधाओं का तत्काल समाधान कर संबंधित परिवारों को शीघ्र पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
ग्राम सभाओं में एडीओ की मौजूदगी अनिवार्य
मुख्य विकास अधिकारी ने ग्राम सभाओं की खुली बैठकों में एडीओ स्तर के अधिकारियों की अनिवार्य सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला विकास अधिकारी को सभी बीडीओ को पत्र जारी कर संबंधित विभागों के एडीओ स्तर के अधिकारियों की ग्राम सभाओं में उपस्थिति सुनिश्चित कराने और ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया।
सीडीओ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े सभी कार्यों में समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही कार्यों की प्रगति और की गई कार्रवाई से सक्षम स्तर को नियमित रूप से अवगत कराया जाए।
बैठक में उपजिलाधिकारी नवाजिश खलिक, खंड विकास अधिकारी हर्षित गर्ग सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours