सात होम स्टे संचालकों को गर्म पानी की सुविधा नहीं मिलने पर नोटिस, तीन दिन में जवाब देने के निर्देश
भीमताल। जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर मंगलवार को पर्यटन विभाग की टीम ने भीमताल क्षेत्र में होम स्टे इकाइयों का औचक निरीक्षण किया। जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति चंद आर्या के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान कुल 16 होम स्टे इकाइयों की जांच की गई। मानकों का पालन नहीं करने पर तीन इकाइयों पर 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया, जबकि सात को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।
निरीक्षण के दौरान टीम ने होम स्टे में पंजीकरण, निर्धारित मानकों, स्वच्छता, सुरक्षा और पर्यटकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जांच की। तीन इकाइयों का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर विभाग ने प्रत्येक पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। इनमें Pio Palace, Lake Mount और Rose Mary शामिल हैं।
गर्म पानी की सुविधा नहीं मिलने पर नोटिस
जांच के दौरान सात होम स्टे इकाइयों में नियमों के अनुरूप गर्म पानी की सुविधा उपलब्ध नहीं पाई गई। इस पर संबंधित संचालकों को तीन दिन के भीतर जवाब देने के निर्देश के साथ कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। नोटिस प्राप्त करने वालों में सरोज कुमार दुर्गा, श्याम नारायण गुप्ता, रिमानी जोशी, ममता जोशी, अफसर खान और अंशुमन मोहता समेत अन्य संचालक शामिल हैं।
वहीं, निरीक्षण के दौरान राघवेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह घुराल, तनवेंद्र शेखर, सुरभा होम स्टे और दीप विला होम स्टे में गर्म पानी की सुविधा उपलब्ध पाई गई। निरीक्षण के दौरान एक होम स्टे बंद भी पाया गया।
पर्यटकों की सुविधा से समझौता नहीं
जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति चंद आर्या ने कहा कि पर्यटकों को बेहतर, सुरक्षित और निर्धारित मानकों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। सभी होम स्टे संचालकों को पंजीकरण, स्वच्छता, सुरक्षा और अन्य निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि निरीक्षण की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित होम स्टे संचालकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

+ There are no comments
Add yours