मंडी बोर्ड की योजनाओं की समीक्षा, बजट समय पर खर्च करने के निर्देश

भीमताल, 17 अगस्त। कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को हल्द्वानी स्थित सर्किट हाउस में उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने नई मंडी नौगांव (उत्तरकाशी) के क्रियान्वयन समेत मंडी बोर्ड की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।

बैठक में मंत्री ने ई-नाम प्रणाली, मंडियों की वित्तीय स्थिति, मुख्यमंत्री घोषणाओं, कृषि उत्पादन क्षति सहायता योजना, किसानों की दुर्घटना सहायता योजना, कृषकों के बच्चों की छात्रवृत्ति योजना, नाबार्ड पोषित योजनाओं और मंगलौर व विकासनगर में प्रस्तावित कोल्ड स्टोरेज के निर्माण की प्रगति की समीक्षा की।

अधिकारियों ने बताया कि मंडी बोर्ड की आय के लिए 175 करोड़ रुपये का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मंत्री ने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से मिले और मंडी बोर्ड के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

गणेश जोशी ने अधिकारियों को स्वीकृत बजट का निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा किसानों से जुड़ी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाया जाए।

कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि उत्पादों के बेहतर विपणन और किसानों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मंडी व्यवस्था को मजबूत करने के साथ कोल्ड स्टोरेज और ई-नाम जैसी सुविधाओं का विस्तार किसानों के लिए उपयोगी साबित होगा।

बैठक में मंडी परिषद के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक हेमंत कुमार वर्मा, वित्त नियंत्रक जुबक मोहन सक्सेना, महाप्रबंधक तकनीकी विजय कुमार, विपणन अधिकारी प्रवीण शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours