भीमताल, 17 अगस्त। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत सोमवार को हल्द्वानी तहसील सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने की। बैठक में निर्वाचक नामावली की 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर चल रही नोटिस वितरण और दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया की समीक्षा की गई।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावली को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए नोटिस वितरण के साथ दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया जारी है। इसका उद्देश्य पात्र मतदाताओं को मताधिकार से वंचित होने से बचाना और अपात्र व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में शामिल होने से रोकना है।
उन्होंने बताया कि आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जा चुका है। नोटिसों पर सुनवाई तथा प्राप्त दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया 14 जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक चलेगी। इसके बाद 15 सितंबर 2026 को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
2.30 लाख से अधिक नोटिस वितरित
जनपद नैनीताल की प्रारूप निर्वाचक नामावली में कुल 6,93,325 मतदाता पंजीकृत हैं। जिले में कुल 2,35,085 नोटिस जारी किए गए हैं, जिनमें से अब तक 2,30,222 नोटिस संबंधित मतदाताओं को वितरित किए जा चुके हैं। वहीं 69,318 मतदाताओं के नोटिस की सुनवाई पूरी की जा चुकी है।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आधुनिक तकनीक के माध्यम से मतदाता सूची में संभावित विसंगतियों की पहचान भी की गई है। जिले में करीब 1,88,054 मामले Anomaly तथा 47,031 मामले No Mapping श्रेणी में चिह्नित किए गए हैं। इन मामलों में संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा नियमानुसार नोटिस जारी कर जांच और सुनवाई की प्रक्रिया की जा रही है।
फार्म-6, 7 और 8 के आवेदन प्राप्त
SIR प्रक्रिया के दौरान अब तक फार्म-6 के 12,450, फार्म-7 के 11,599 और फार्म-8 के 7,190 आवेदन प्राप्त हुए हैं। अपर जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से रह गया है या नाम, पता, आयु, फोटो अथवा अन्य विवरण में त्रुटि है तो निर्धारित अवधि में फार्म-6, 7 अथवा 8 के माध्यम से दावा या आपत्ति प्रस्तुत करें।
उन्होंने कहा कि सभी दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा।
बैठक में उपजिलाधिकारी हल्द्वानी मोनिका, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडे, नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी एपी बाजपेई सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें बसपा के हरीश सिनौली व संजू, कांग्रेस के मनोज शर्मा, प्रकाश, अनिल अग्रवाल भट्ट व प्रकाश पटवाल तथा भाजपा के आनंद सिंह व मनीष पाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours