भीमताल: मंडलायुक्त दीपक रावत के संज्ञान में आया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी में तैनात हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. जगदीप सिंह नियमित रूप से अस्पताल में उपस्थित नहीं हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार वे 10 दिन में केवल एक बार अस्पताल आते हैं और उपस्थिति पंजिका में एक साथ हस्ताक्षर कर देते हैं। मंडलायुक्त द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए उप जिलाधिकारी कैंची धाम से जांच कराई गई। जांच में पाया गया कि डॉ. जगदीप एक सप्ताह से अस्पताल नहीं आ रहे हैं। वहीं सीसीटीवी फुटेज की जांच में भी उनकी मौजूदगी दर्ज नहीं मिली। जब इस संबंध में मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) नैनीताल से पूछा गया तो उन्होंने इस विषय में अनभिज्ञता जताई। साथ ही यह भी सामने आया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी के सीएमएस डॉ. सतीश ने उच्चाधिकारियों को डॉ. जगदीप की अनुपस्थिति की कोई सूचना नहीं दी थी। बुधवार को मामले के प्रकाश में आने के बाद सीएमएस ने सीएमओ को जानकारी दी। इस पर मंडलायुक्त दीपक रावत ने निदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य कुमाऊं मण्डल, नैनीताल को जांच करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

+ There are no comments
Add yours