भारी बारिश की चेतावनी, प्रशासन अलर्ट पर

Estimated read time 1 min read





आपदा कंट्रोल रूम से अधिकारी लेते रहे पल-पल की खबर

भीमताल । भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तराखंड सहित जनपद नैनीताल में अगले 24 घंटों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इस चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष वंदना ने सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सड़कों के अवरुद्ध होने पर तत्काल कार्रवाई कर यातायात सुचारू करने और मार्गों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के साथ ही भोजन व आवास की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही मानसून के दौरान किसी भी अधिकारी-कर्मचारी को मोबाइल फोन बंद न रखने के निर्देश दिए। उन्होंने उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों, राजस्व उपनिरीक्षकों, ग्राम विकास अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहकर किसी भी आपदा की स्थिति में तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य करने के आदेश दिए। सभी थानों और चौकियों को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। सोमवार को भारी बारिश के बीच जिले के उप जिलाधिकारियों व अधिशासी अधिकारियों ने फील्ड में पहुंचकर अवरुद्ध मार्गों को खुलवाया। भूस्खलन और संवेदनशील इलाकों में प्रशासन लगातार नजर रखे हुए है। नगर पालिका व नगर निगम की टीमें लाउडस्पीकर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को सतर्क कर रही हैं।
जिलाधिकारी ने अपील की है कि अनावश्यक यात्रा न करें और मार्गों की स्थिति की जानकारी लेकर ही सफर पर निकलें। साथ ही नदी-नालों और बहाव वाले स्थानों से दूर रहने को कहा है। किसी भी आपात स्थिति में जिला आपदा परिचालन केंद्र के दूरभाष नंबर 05942-231178 एवं टोल फ्री नंबर 1077 पर जानकारी दी जा सकती है।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours