भीमताल। जिलाधिकारी वंदना के निर्देश पर नगर निगम क्षेत्र में जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए वार्डवार जन सुविधा शिविरों का आयोजन लगातार किया जा रहा है। इन शिविरों में न केवल शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया जा रहा है, बल्कि सरकारी योजनाओं का लाभ भी सीधे जनता तक पहुँचाया जा रहा है।
शनिवार को वार्ड संख्या 33 में पार्षद कार्यालय तथा वार्ड संख्या 34 में शिवा गार्डन कैनाल रोड पर शिविर आयोजित किए गए। यहाँ क्षेत्रीय लोगों ने अपनी समस्याएँ अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने शिकायतों को सुनकर मौके पर ही समाधान किया। शिविर में सर्वाधिक शिकायतें खाद्यान्न विभाग से संबंधित रहीं। राशन कार्ड से नाम हटाने, नए कार्ड बनाने और नए सदस्यों को जोड़ने की कुल 29 शिकायतें दर्ज हुईं, जिन पर विभाग द्वारा आवश्यक कार्यवाही की गई। वहीं, स्ट्रीट लाइट मरम्मत व नई लाइट लगाने से जुड़ी 6 समस्याएँ दर्ज की गईं। आधार सेवा केंद्र में कुल 26 आधार कार्ड बनाए और संशोधित किए गए। इसके अलावा यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) के अंतर्गत विवाह पंजीकरण के 8 आवेदन प्राप्त हुए।
शिविर में विभागीय अधिकारियों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। इस मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, सहायक नगर आयुक्त जी.के. भट्ट, पार्षद ज्योति पांडे सहित कई विभागीय अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
आयुक्त नगर निगम ऋचा सिंह ने बताया कि आगामी शिविर सोमवार, 1 सितम्बर को वार्ड संख्या 31 (ताज, मैरिज हॉल इंदिरा नगर) और वार्ड संख्या 32 (राजकीय इंटर कॉलेज बनभूलपुरा) में आयोजित होंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुँचकर लाभ उठाने की अपील की।

+ There are no comments
Add yours