ग्रामीणों ने सांसद से लगाई गुहार, बोले– सड़कें बनीं मौत का गड्ढा

Estimated read time 1 min read





भीमताल । धारी ब्लॉक के दूरस्थ क्षेत्र बबियाड़-दुदुली-अमदो के ग्रामीणों ने क्षेत्र की बदहाल सड़कों को दुरुस्त कराने की मांग उठाई है। शनिवार को ग्रामीण वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा के नेतृत्व में कठघरिया (घुनी) हल्द्वानी स्थित आवास पर सांसद अजय भट्ट से मिले और ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने कहा कि गैराखाड़ से कैलाश द्वार तक मोटर मार्ग पिछले 15 वर्षों से पूरी तरह बंद पड़ा है। वहीं बबियाड़-टपुवा-दुदुली मोटर मार्ग आठ साल से जर्जर स्थिति में है, जो अब मौत के गड्ढे में तब्दील हो चुका है। इससे दर्जनों गांवों और हजारों ग्रामीणों का जनजीवन अस्त-व्यस्त है। उन्होंने बताया कि सड़क न होने से युवाओं का पलायन तेज हो गया है। काश्तकारों का उत्पादन समय पर मंडी नहीं पहुंच पा रहा है। छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा से वंचित हैं। बीमार और प्रसव पीड़ित महिलाओं को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से अधिकारी और जिम्मेदार नेता केवल झूठे आश्वासन दे रहे हैं, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मनोज शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सकारात्मक कार्यवाही नहीं हुई तो ग्रामीण बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस पर सांसद अजय भट्ट ने गंभीरता दिखाते हुए कहा कि सड़कें पुरानी हैं और जल्द ही इनके जीर्णोद्धार की कार्रवाई कराई जाएगी। ग्रामीणों ने कहा कि वे कुछ समय और इंतजार करेंगे, इसके बाद आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours