भीमताल में आठों ब्लॉक प्रमुखों की बैठक, अनावश्यक हस्तक्षेप पर जताई कड़ी आपत्ति

Estimated read time 0 min read





भीमताल : जनपद नैनीताल के भीमताल विकासखंड में मंगलवार को जिले के आठों ब्लॉक प्रमुखों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की एकता, पंचायतों को सशक्त बनाने तथा विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में ब्लॉक प्रमुखों ने स्पष्ट कहा कि ब्लॉकों में किसी भी प्रकार का अनावश्यक हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने एकजुट होकर ऐसे मामलों के खिलाफ संघर्ष करने का निर्णय भी लिया। प्रमुखों ने कहा कि पंचायत स्तर पर कार्यों में पारदर्शिता और स्वतंत्रता बनी रहनी चाहिए।
बैठक के दौरान क्षेत्र पंचायत समिति (बीडीसी) की बैठकों में जिलाधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित कराने पर भी गंभीरता से विचार किया गया। सभी प्रमुखों ने एक स्वर में कहा कि उच्च अधिकारियों की सहभागिता से विकास कार्यों की गुणवत्ता में सुधार होगा और स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सकेगा।
इसके अलावा ब्लॉक प्रमुख संगठन की कार्यकारिणी के गठन को लेकर भी चर्चा हुई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अगली बैठक में कार्यकारिणी का विधिवत गठन किया जाएगा, जिससे संगठन को और अधिक मजबूती मिल सके।
बैठक में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों ने जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, आपसी समन्वय बनाए रखने तथा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि इस प्रकार की बैठकों का नियमित आयोजन किया जाएगा।
इससे पूर्व भीमताल पहुंचने पर ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। बैठक में ब्लॉक प्रमुख हल्द्वानी मंजू गौड़, ओखलकांडा के डी. रूवाली, रामनगर की मंजू नेगी, कोटाबाग की मनीषा जंतवाल, धारी की भावना आर्या, बेतालघाट के अंकित साह, रामगढ़ के दीपक कुमार, ज्येष्ठ प्रमुख संजय नेगी, उमेश पलड़िया, ग्राम प्रधान संगठन अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह गंगोला, जंगलिया गांव की प्रधान राधा कुल्याल, सलड़ी की प्रधान जया बोरा सहित कई ग्राम प्रधान एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours