जसपुर-फाटो रेंज में 10 और कार्बेट के लिए आठ जिप्सियों को अनुमति, 24 महिला जिप्सी संचालकों को भी मिलेगा संचालन का अवसर
भीमताल। कुमाऊं मंडल में परिवहन व्यवस्था को बेहतर और सुगम बनाने के लिए संभागीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत की अध्यक्षता में गुरुवार को सर्किट हाउस सभागार में हुई बैठक में जसपुर-टनकपुर के बीच उत्तराखंड परिवहन की बसों के संचालन को अनुमति प्रदान की गई। इसके अलावा जसपुर-फाटो रेंज में 10 जिप्सियों तथा वन विभाग की पूर्व लिखित सहमति के आधार पर कार्बेट क्षेत्र के लिए आठ जिप्सियों के संचालन को भी मंजूरी दी गई।
बैठक में नए मार्गों पर बस और टैक्सी परमिट जारी करने, यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और पर्यटन क्षेत्रों में परिवहन सुविधाओं के विस्तार को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने विभिन्न मार्गों पर बस और टैक्सी परमिट की मांग से संबंधित जानकारी प्राधिकरण के समक्ष रखी। वन विभाग के साथ समन्वय कर ईको पर्यटन को बढ़ावा देने और पर्यटन क्षेत्रों में परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
मंडलायुक्त दीपक रावत ने कहा कि परमिट प्रक्रिया को पारदर्शी और सरल बनाया जाए, ताकि आमजन, परिवहन व्यवसायियों और पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों को परेशानी न हो। उन्होंने अधिकारियों को परमिट से संबंधित प्रस्तावों का आवश्यकतानुसार परीक्षण कर नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
24 महिला जिप्सी संचालकों को भी अनुमति
बैठक में मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप 24 महिला जिप्सी संचालकों को जिप्सी संचालन की अनुमति जारी किए जाने पर भी सहमति बनी। मंडलायुक्त ने कहा कि कार्बेट और अन्य क्षेत्रों में जिप्सियों के संचालन के संबंध में वन विभाग से वर्तमान में संचालित जिप्सियों और पर्यटकों की संख्या के आधार पर आवश्यक जिप्सियों की मांग का विस्तृत विवरण लिया जाए। इसका समुचित परीक्षण करने के बाद आगामी बैठक में जिप्सियों के संचालन के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।
रूट से हटकर संचालन पर होगी कार्रवाई
मंडलायुक्त ने विभिन्न मार्गों पर बस संचालन की मांग का गहन परीक्षण करने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यकता के अनुसार परिवहन परमिट जारी किए जा सकें। उन्होंने निर्धारित मार्ग से अलग अथवा तय रूट के विपरीत वाहन संचालित करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में प्राधिकरण सदस्य सुनील शर्मा, ललित सिंह, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी गुरदेव सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी संदीप शर्मा, विपिन कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours