हल्द्वानी शहर की टूटी सड़कों का आयुक्त ने किया निरीक्षण, जल्द दुरुस्ती के दिए निर्देश

Estimated read time 0 min read





भीमताल। आयुक्त/सचिव मा0 मुख्यमंत्री दीपक रावत ने सोमवार को हल्द्वानी शहर के क्षतिग्रस्त मार्गों का लोनि.वि., ब्रिडकुल एवं जलसंस्थान के अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर क्षतिग्रस्त मार्गों को शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिये। आयुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिये गये हैं। वर्षाकाल में डामरीकरण संभव न होने की स्थिति में सड़कों को वैकल्पिक तरीकों से गड्ढामुक्त करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने काठगोदाम नवनिर्मित रोडवेज बस स्टेशन के समीप सड़क, देवलचौड़ चौराहा मार्ग एवं टीपीनगर सड़क का निरीक्षण किया। काठगोदाम रोडवेज क्षेत्र में नवनिर्मित बस स्टेशन से निकलने वाले पानी और पेयजल लाइन लीकेज के कारण मार्ग क्षतिग्रस्त पाया गया। इस पर उन्होंने जलसंस्थान के अधीक्षण अभियंता को तत्काल लीकेज ठीक कराने और कार्यदायी संस्था को स्टेशन के पानी को ड्रेनेज सिस्टम में डालने के निर्देश दिये। देवलचौड़ एवं टीपीनगर मार्गों के संबंध में लोनि.वि. अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि इन्हें जल्द ही गड्ढामुक्त कर दिया जाएगा। आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि शहर में जहां भी सड़कें क्षतिग्रस्त हों, वहां नियमित निरीक्षण कर वर्षाकाल में वैकल्पिक मरम्मत कार्य सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, अधीक्षण अभियंता जलसंस्थान विशाल सक्सेना, अधिशासी अभियंता लोनि.वि. प्रत्युष कुमार तथा ब्रिडकुल के अधिकारी मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours