हल्द्वानी में आज भव्य जनसभा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह होंगे मुख्य अतिथि

Estimated read time 1 min read





सीएम पुष्कर सिंह धामी ने तैयारियों का लिया जायजा, व्यवस्थाओं पर दिए सख्त निर्देश

भीमताल : उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को एमबी इंटर कॉलेज मैदान, हल्द्वानी में भव्य जनसभा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल होंगे। जनसभा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
कार्यक्रम की तैयारियों के मद्देनजर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को हल्द्वानी पहुंचे। काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्होंने व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने एमबी इंटर कॉलेज मैदान पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसभा में आने वाले लोगों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही पेयजल, साफ-सफाई और शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन ने रूट डायवर्जन प्लान लागू कर दिया है। आमजन को असुविधा न हो, इसके लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए गए हैं।
जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
इस दौरान क्षेत्रीय सांसद अजय भट्ट, विधायक बंशीधर भगत, मोहन सिंह बिष्ट, सरिता आर्या, दीवान सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours