पंतनगर में 119वें अखिल भारतीय किसान मेले का शुभारम्भ, मुख्यमंत्री धामी बोले— किसान हमारे अन्नदाता और असली नायक

भीमताल । पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में आयोजित 119वें अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया तथा विश्वविद्यालय के साहित्य का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय में आयोजित यह कृषि मेला किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे आयोजनों से किसानों को नई तकनीकों और नवाचारों की जानकारी मिलती है तथा वैज्ञानिकों से सीधे संवाद का अवसर प्राप्त होता है।

किसान देश के असली नायक :

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि किसान हमारे अन्नदाता और देश के असली नायक हैं। किसानों की मेहनत और समर्पण से ही देश को अन्न मिलता है और राष्ट्र की प्रगति संभव हो पाती है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

9 लाख से अधिक किसानों को मिल रहा सम्मान निधि का लाभ :

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश के 10 करोड़ से अधिक किसानों को किसान सम्मान निधि का लाभ दिया जा रहा है। हाल ही में इस योजना की 22वीं किस्त जारी की गई है, जिसका लाभ उत्तराखंड के 9 लाख से अधिक किसानों को मिल रहा है।

जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए 25 करोड़ :

मुख्यमंत्री ने बताया कि कृषि को जंगली जानवरों से बचाने के लिए खेतों की घेरबाड़ हेतु केंद्र सरकार द्वारा पहली किस्त के रूप में 25 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की गई है।

पॉलीहाउस और ड्रैगन फ्रूट पर विशेष जोर :

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए पॉलीहाउस, एरोमा वैली और ड्रैगन फ्रूट जैसी योजनाओं को बढ़ावा दे रही है। पॉलीहाउस लगाने के लिए 200 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है, जिसमें से अब तक 115 करोड़ रुपये की लागत से 350 पॉलीहाउस स्थापित किए जा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 1200 करोड़ रुपये की लागत से नई सेब नीति लागू की गई है तथा कई योजनाओं में किसानों को 80 प्रतिशत तक राज्य सहायता दी जा रही है। साथ ही प्रदेश में सात एरोमा वैली विकसित की जा रही हैं और ड्रैगन फ्रूट की खेती को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

मशरूम और शहद उत्पादन में बढ़ी उपलब्धि :

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में फलों के उत्पादन में करीब ढाई प्रतिशत वृद्धि हुई है। मशरूम उत्पादन 27 हजार मीट्रिक टन तक पहुंच गया है और इस क्षेत्र में राज्य देश में पांचवें स्थान पर आ गया है। वहीं शहद उत्पादन 3300 मीट्रिक टन हो गया है और इस क्षेत्र में उत्तराखंड देश में आठवें स्थान पर पहुंच गया है।

किसानों से नई तकनीक अपनाने की अपील :

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 1 लाख 11 हजार करोड़ रुपये का बजट पारित किया है, जिसमें कृषि, उद्यान, एरोमैटिक, मत्स्य, मधुमक्खी पालन और शोध के लिए पर्याप्त प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने किसानों से जागरूक होकर नई कृषि तकनीकों को अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम में कुलपति मनमोहन सिंह चौहान ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और बताया कि मेले में 350 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं तथा प्रतिदिन लगभग 20 हजार लोग इसमें भाग ले रहे हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, विधायक तिलकराज बेहड़, मेयर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, फरजाना बेगम, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, पूर्व दर्जा मंत्री राजेश कुमार, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours