बबियाड–टपूवा–दुदुली मोटर मार्ग पर अवैध खनन का आरोप, कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने की जांच की मांग

Estimated read time 1 min read





भीमताल । धारी ब्लॉक के बबियाड–टपूवा–दुदुली मोटर मार्ग पर अवैध खनन और निर्माण कार्य में अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने आरोप लगाया है कि संबंधित ठेकेदार द्वारा सड़क के ऊपरी हिस्से से पत्थर और मिट्टी खोदकर अवैध खनन किया जा रहा है, जिससे सड़क की स्थिति और अधिक खराब हो गई है।
शर्मा ने कहा कि गृह क्षेत्र के भ्रमण के दौरान जब उन्होंने सड़क की स्थिति देखी तो वह हतप्रभ रह गए। उनका आरोप है कि पहले से ही बदहाल इस सड़क को ठेकेदार ने अवैध खनन कर और अधिक क्षतिग्रस्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता को सूचना देने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे अधिकारियों की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वर्षों से खराब इस सड़क के निर्माण और मरम्मत के लिए क्षेत्रीय जनता के साथ मिलकर उन्होंने भारी बारिश के बीच पहाड़ी से गिरते पत्थरों के बीच कई दिनों तक धरना-प्रदर्शन किया था। इसके बाद प्रशासन हरकत में आया और तत्कालीन जिलाधिकारी बंदना सिंह ने मौके का निरीक्षण कर आपदा मद से सड़क के लिए बजट स्वीकृत कराया था।
शर्मा का आरोप है कि अब उसी कार्य में स्थानीय मिट्टी और पत्थर लगाकर गुणवत्ता से समझौता किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संबंधित क्षेत्र के जेई जनता के फोन तक नहीं उठा रहे हैं, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है।
कांग्रेस नेता ने बताया कि पूरे मामले की जानकारी फोटो व वीडियो के साथ तहसीलदार धारी को दे दी गई है। तहसील प्रशासन की ओर से सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours