भीमताल। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि उत्तराखंड शासन के निर्देशानुसार जनपद में प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं से निपटने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि भूकंप, बादल फटना, वनाग्नि, भूस्खलन, हिमस्खलन, बाढ़, बांध टूटना, सुरंग धंसना, बड़े वाहनों की दुर्घटनाएं तथा हेलीकॉप्टर क्रैश जैसी घटनाओं से जन-धन को भारी नुकसान हो सकता है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर आपदा से पूर्व की तैयारियों को मजबूत करने और संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए विशेष कदम उठाए जा रहे हैं। इस संबंध में अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 16 और 17 मार्च 2026 को जनपद में आपदा पूर्वाभ्यास (मॉक ड्रिल) का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 16 मार्च को टेबल टॉप एक्सरसाइज व मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। जनपद मुख्यालय में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आईआरएस प्रणाली के अंतर्गत नामित सभी अधिकारी व संबंधित विभागों के प्रतिनिधि जिला कार्यालय स्थित एनआईसी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में प्रतिभाग करेंगे। वहीं तहसील स्तर पर संबंधित परगना मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में तहसील स्तरीय आईआरएस टीम अपने-अपने तहसील मुख्यालय स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में कार्यक्रम में भाग लेगी।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि 17 मार्च को आपदा पूर्वाभ्यास अभियान के तहत तहसील क्षेत्र कैंचीधाम, खनस्यूं, कालाढूंगी, हल्द्वानी और नैनीताल में मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इस दौरान चिन्हित स्थानों पर स्टेजिंग एरिया, इंसिडेंट कमांड सेंटर, राहत शिविर और चिकित्सा शिविर स्थापित कर स्थानीय आईआरटी दलों का गठन किया जाएगा तथा आवश्यक उपकरणों और संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों और विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनपद व तहसील स्तर पर आयोजित भूकंप पूर्वाभ्यास, आपदा टेबल टॉप एक्सरसाइज और मॉक ड्रिल में निर्धारित तिथियों पर समय से प्रतिभाग करना सुनिश्चित करें।

+ There are no comments
Add yours