भीमताल। ग्राम पंचायत जंगलिया गांव के पंचायत घर में हरीनगर तथा जंगलिया गांव के महिला स्वयं सहायता समूहों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सगंध पौधा केंद्र तथा रीप परियोजना के पदाधिकारियों ने प्रतिभाग कर महिलाओं को स्वरोजगार एवं आजीविका संवर्धन से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
जिला प्रभारी नैनीताल शंकर लाल सागर ने सगंध पौधों के रोपण, संरक्षण एवं उनके व्यावसायिक उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। प्रोजेक्ट एसोसिएट डॉ. मोहित पांडे ने दालचीनी के पौधरोपण, देखभाल एवं उससे होने वाले लाभ पर प्रकाश डाला। अभिषेक ने उत्पादों के वैल्यू एडिशन तथा मार्केटिंग की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की। अंजू पांडे और मीना कुल्याल ने रीप परियोजना एवं महिला समूहों की भूमिका के बारे में जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत जंगलिया गांव एवं हरीनगर के कुल 18 महिला समूहों को प्रति समूह औजार किट प्रदान किए गए, जिससे समूहों की आजीविका गतिविधियों को गति मिलेगी।
इससे पूर्व सभी अतिथियों का स्वागत किया गया। ग्राम प्रधान राधा कुल्याल ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीणों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए और अपनी आय बढ़ाने के लिए समूह आधारित कार्यों को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक ग्रामीण योजनाओं से सीधे नहीं जुड़ेंगे, तब तक ऐसे कार्यक्रमों की सार्थकता पूर्ण रूप से सिद्ध नहीं हो सकेगी।
इस अवसर पर ब्लॉक भीमताल से कीर्ति बल्लभ जोशी, क्लस्टर अध्यक्ष रेखा कुल्याल, लीला कुल्याल, ममता आर्य, इंद्रा देवी, भावना देवी, सरोज कुल्याल, हेमा देवी, ममता कुल्याल, कमला देवी, रमा कुल्याल, रीता कुल्याल, मनोज कुल्याल, रोहित पलड़िया, संजय पड़ियार सहित पांच दर्जन से अधिक काश्तकार उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours