भीमताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को नैनीताल जनपद भ्रमण के दौरान गोला नदी पर निर्मित की जा रही जमरानी बहुउद्देशीय बांध परियोजना के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने परियोजना की प्रगति, गुणवत्ता एवं समयबद्धता को लेकर अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा क्षेत्रवासियों की दशकों पुरानी मांग को स्वीकार कर जमरानी बांध परियोजना को स्वीकृति दी गई, जिसके लिए वे प्रधानमंत्री के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार के सकारात्मक प्रयासों से पर्यावरणीय व तकनीकी बाधाओं को दूर कर परियोजना को आगे बढ़ाया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार योजनाओं को कागजों तक सीमित नहीं रख रही, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारने का कार्य कर रही है। जनहित से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा या धनराशि की कमी को आड़े नहीं आने दिया जाएगा। राज्य में कोई भी योजना अधूरी नहीं छोड़ी जाएगी।
उन्होंने कहा कि जमरानी बांध परियोजना उत्तराखंड की समृद्धि का प्रतीक बनेगी। परियोजना से सिंचाई और पेयजल आपूर्ति के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे तथा पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही कुमाऊं की तराई के साथ उत्तर प्रदेश के किसानों और क्षेत्रवासियों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। स्थानीय लोगों की मांग पर विद्युत उत्पादन की संभावनाओं को लेकर केंद्र सरकार से वार्ता की जाएगी।
परियोजना के महाप्रबंधक महेश खरे ने जानकारी दी कि परियोजना के अंतर्गत दो टनलों का निर्माण कार्य लगभग 88 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। नदी जल के डायवर्सन हेतु कॉफर डैम का निर्माण भी प्रगति पर है। जून 2026 तक टनल व कृत्रिम डैम का कार्य पूर्ण कर आगामी मानसून में नदी का पानी टनलों के माध्यम से डायवर्ट किया जाएगा। जमरानी बांध परियोजना का संपूर्ण निर्माण कार्य जून 2029 तक पूर्ण किए जाने का लक्ष्य निर्धारित है।
इस अवसर पर विधायक कालाढुंगी बंशीधर भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, दर्जा राज्यमंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, मंडलायुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours