भीमताल । सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक सीधे पहुंचाने के उद्देश्य से विकासखंड कोटाबाग की न्याय पंचायत डोला स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डोला में मंगलवार को ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता नैनीताल विधायक सरिता आर्या ने की।
शिविर के दौरान जन समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया गया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर में कुल 179 नागरिकों ने प्रत्यक्ष रूप से लाभ उठाया।
शिविर में ग्राम्य विकास एवं पंचायती राज, पेयजल एवं जल जीवन मिशन, लोक निर्माण विभाग, समाज कल्याण विभाग, कृषि विभाग, वन विभाग, राजस्व विभाग, लघु सिंचाई, उडेरा, खाद्य आपूर्ति तथा उद्यान विभाग के अधिकारियों द्वारा सहभागिता करते हुए किसानों एवं आम जनता को विभागीय योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया।
इस अवसर पर समस्त विभागीय अधिकारियों ने उपस्थित रहकर अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी दी तथा प्राप्त शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जिससे लोगों को राहत मिली।
कार्यक्रम में प्रमुख क्षेत्र पंचायत सदस्य मनीषा जंतवाल, ग्राम प्रधान डोला गोपाल सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य खस्टी देवी, ग्राम प्रधान बांसी प्रकाश बिष्ट, ग्राम प्रधान रियाड महेश कांडपाल, ग्राम प्रधान बाघनी हरीश बधानी, ग्राम प्रधान जलना दीपा देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य बाघनी सुनील बधानी, ग्राम प्रधान तलिया चंद्र प्रकाश सनवाल सहित जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम, खंड विकास अधिकारी श्वेता सैनी, अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
शिविर के माध्यम से सरकार की मंशा के अनुरूप प्रशासन को सीधे जनता से जोड़ते हुए जन समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया गया, जिसकी ग्रामीणों ने सराहना की।

+ There are no comments
Add yours