विधायक कैड़ा के प्रयास रंग लाए, एक दर्जन से अधिक गांवों को मिलेगा लाभ
भीमताल। विकासखंड धारी के अंतर्गत बबियाड कैलाश द्वार से सिमलिया–साननी मोटर मार्ग मिलान कार्य को शासन से प्रथम चरण की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। लंबे समय से इस मार्ग की मांग कर रहे ग्रामीणों के लिए यह बड़ी राहत की खबर है।
विधायक राम सिंह कैड़ा ने बताया कि धारी ब्लॉक के लगभग 10 गांवों के ग्रामीण वर्षों से मोटर मार्ग मिलान की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष यह मामला उठाया, जिसे मुख्यमंत्री ने अपनी घोषणा में शामिल किया। इसके बाद शासन स्तर से प्रथम चरण की स्वीकृति प्रदान की गई।
इस मोटर मार्ग के बन जाने से बबियाड, सुयाल फेर, दुदली, अमदो, पुट गांव, पोखरी, च्युरीगढ़, कुलोरी सहित एक दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। हल्द्वानी आने-जाने में लगभग 50 किलोमीटर की दूरी कम हो जाएगी, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी।
विधायक कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को द्वितीय चरण की डीपीआर शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए हैं। प्रथम चरण की स्वीकृति मिलने पर विधायक ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सड़क क्षेत्र के विकास और ग्रामीणों की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।

+ There are no comments
Add yours