भीमताल । ओखलकाण्डा विकासखण्ड के खनस्यूं से लगभग दो किलोमीटर आगे सड़क किनारे एक अज्ञात शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों द्वारा कपड़ों व अन्य पहचान के आधार पर शव की पहचान पानसिंह मटियाली निवासी ल्वाङ के रूप में की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामले में हत्या की प्रबल आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही राज्य आन्दोलनकारी एवं पूर्व दर्जा राज्यमन्त्री हरीश पनेरु मौके पर पहुंचे और जिला प्रशासन तथा पुलिस प्रशासन से वार्ता कर मामले की गंभीरता से जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शव की शीघ्र शिनाख्त सुनिश्चित करने तथा मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम हल्द्वानी पैनल में कराए जाने की मांग की।
हरीश पनेरु ने कहा कि यह स्पष्ट किया जाना आवश्यक है कि मृतक की मृत्यु किन परिस्थितियों में हुई तथा इस घटना में कौन-कौन संलिप्त है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
फिलहाल पुलिस द्वारा मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

+ There are no comments
Add yours