सैकड़ों समर्थकों के साथ उत्तराखण्ड बार काउंसिल चुनाव के लिए भरा नामांकन
भीमताल। उत्तराखण्ड बार काउंसिल चुनाव के नामांकन के तीसरे दिन बुधवार को हल्द्वानी बार एसोसिएशन के पूर्व सचिव राजन सिंह मेहरा ने सैकड़ों समर्थक अधिवक्ताओं के साथ बार काउंसिल कार्यालय पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
नामांकन के पश्चात पत्रकारों से बातचीत में राजन सिंह मेहरा ने कहा कि उनका चुनाव लड़ने का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के अधिवक्ताओं के अधिकारों और हितों की मजबूती से पैरवी करना है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में करीब 15 हजार अधिवक्ता मतदाता पंजीकृत हैं, लेकिन इसके बावजूद अधिवक्ताओं को आज तक अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल पाई हैं।
राजन मेहरा ने कहा कि यदि वे निर्वाचित होते हैं तो प्रत्येक अधिवक्ता के लिए कम से कम 10 लाख रुपये का कैशलेस मेडिक्लेम, 25 लाख रुपये तक का डेथ क्लेम, वरिष्ठ अधिवक्ताओं के लिए पेंशन सुविधा, नए अधिवक्ताओं के लिए प्रोत्साहन राशि तथा अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू कराने हेतु संघर्ष करेंगे।
उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज की सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा उनकी प्राथमिकताओं में सर्वोपरि है। नामांकन के अवसर पर बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं की उपस्थिति रही, जिससे माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा नजर आया।

+ There are no comments
Add yours