भीमताल। अमृतपुर–जमरानी मोटर मार्ग पर डहरा गांव के समीप सड़क की हालत दिन-प्रतिदिन बदतर होती जा रही है। सड़क के नीचे से पूरी तरह खोखली हो चुकी सतह, ऊपर से लगातार पानी का रिसाव और जमरानी बांध परियोजना से जुड़ी भारी वाहनों की आवाजाही ने इस मार्ग को बेहद खतरनाक बना दिया है। स्थानीय लोगों के अनुसार यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों का कहना है कि जमरानी बांध की बड़ी-बड़ी गाड़ियां और खनन में लगी तेज रफ्तार वाहन सुबह से शाम तक इसी सड़क से गुजर रहे हैं। भारी वाहनों के दबाव के चलते कई स्थानों पर सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। दोपहिया वाहन चालक कई बार फिसल चुके हैं और अब तक कई छोटे हादसे भी हो चुके हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
ग्राम प्रधान डहरा मनोज चनौतियां ने बताया कि सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर विभागीय अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया है और तत्काल मरम्मत की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि जमरानी बांध परियोजना से जुड़े अधिकारी भी प्रतिदिन इसी मार्ग से गुजरते हैं, इसके बावजूद समस्या की अनदेखी की जा रही है।
ग्रामीण गिरीश भट्ट और इंदर सिंह ने प्रशासन से मांग की है कि संभावित हादसे को देखते हुए अमृतपुर–जमरानी मोटर मार्ग पर डहरा के समीप तुरंत मरम्मत व सुरक्षा के कार्य कराए जाएं, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।

+ There are no comments
Add yours