मुख्यमंत्री धामी का नैनीताल दौरा, 112 करोड़ की योजनाओं की मिली सौगात

Estimated read time 0 min read

लेटीबुंगा पहुंचे मुख्यमंत्री धामी का संदेश–“तेज़ी से बदल रहा है उत्तराखंड”

भीमताल। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज नैनीताल जनपद के धारी ब्लॉक स्थित लेटीबुंगा मैदान पहुंचे, जहां उन्होंने 112 करोड़ 34 लाख रुपये की 17 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ग्राम पंचायत शशबनी पहुंचे और विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार भीमताल विधानसभा सहित पूरे नैनीताल जिले के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय विधायक राम सिंह कैड़ा द्वारा मुख्य मार्ग–10 की खराब स्थिति का मुद्दा उठाए जाने के बाद 9.5 करोड़ रुपये सड़क पुनर्निर्माण हेतु मंजूर किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कैंची धाम, नैनादेवी मंदिर और मुक्तेश्वर धाम सहित प्रदेश के पौराणिक मंदिरों का पुनरोद्धार कार्य मिशन मोड में चल रहा है, जिससे धार्मिक पर्यटन को नई दिशा मिल रही है। उन्होंने कहा कि पहाड़ों से पलायन रोकने के लिए ‘एक जनपद–दो उत्पाद’, ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’, ‘स्टेट मिलेट मिशन’ और ‘होमस्टे’ जैसी योजनाएं स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने नकल विरोधी कानून का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में लागू देश का सबसे सख्त कानून नकल माफियाओं पर प्रभावी रूप से रोक लगा रहा है। पिछले वर्षों में 26 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं और 100 से अधिक नकल माफिया जेल भेजे गए हैं। उन्होंने बताया कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत 200 से अधिक भ्रष्ट अधिकारी दंडित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को सुरक्षित, पारदर्शी और अवसरपूर्ण माहौल उपलब्ध कराना है।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने भीमताल क्षेत्र के लिए कई घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि भीड़ापानी, नाई, डालकन्या, देवतनगर, सिलौटी और सुन्दरखाल में मिनी स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही ओखलकांडा के करायल बैण्ड–टकुरा वन चौकी मार्ग का डामरीकरण, भीमताल बाईपास नहर कवरिंग का शेष कार्य, भीमताल में नई पार्किंग, नया रोडवेज बस स्टेशन और अग्निशमन केंद्र स्थापित किया जाएगा। नौकुचियाताल–खड़की खरौला मार्ग का मिलान, कसियालेख–काफली–पदीकनाला सड़क का डामरीकरण तथा बडोन–सिमलिया–साननी मोटर मार्ग का सुधार कार्य भी शीघ्र शुरू कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने 70 करोड़ 73 लाख रुपये की आठ योजनाओं का लोकार्पण किया, जिनमें भवाली बाईपास पार्ट–1 और 2 सुधार कार्य, भीमताल बाईपास सड़क सुधार, नैनीताल में 50 बेड का क्रिटिकल केयर यूनिट, हल्दूचौड़ एलबीएस कॉलेज में पुस्तकालय और बहुउद्देश्यीय हॉल, पुछड़ी में गौशाला, तथा जाडापानी राजकीय विद्यालय में पुस्तकालय, कंप्यूटर लैब और विज्ञान प्रयोगशाला शामिल हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने 41 करोड़ 60 लाख रुपये की नौ योजनाओं का शिलान्यास किया, जिनमें राजकीय महाविद्यालय लालकुआं में परीक्षा भवन, एलबीएस कॉलेज में चाहरदीवारी, गौलापार स्टेडियम में पूल कवरिंग और सुरक्षा कार्य, बेतालघाट, पंगोट–दैचौरी तथा ओखलकांडा सभागार जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान विधायक भीमताल राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए स्वीकृत योजनाओं पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने संबोधन में क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी भी साझा की। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर महिला स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का भी निरीक्षण किया और महिला उत्पादों की सराहना की। इस अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत दीपा दरमवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख धारी भावना आर्या, ओखलकांडा प्रमुख रूबाली, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसपी यातायात जगदीश चंद्र सहित अनेक जनप्रतिनिधि तथा स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours