भीमताल । विधानसभा भीमताल क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी. से मुलाकात कर पदमपुरी क्षेत्र एवं भीमताल विधानसभा में अवैध शराब बिक्री के मुद्दे पर ज्ञापन प्रेषित किया। मनोज शर्मा ने एसएसपी से पवित्र धार्मिक स्थल के निकट संचालित शराब की दुकान को तत्काल हटाने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेता ने कहा कि धारी ब्लॉक के पदमपुरी में, जहाँ हिमालय के महान संत सोमबारी महाराज की तपोभूमि स्थित है, उसके आसपास कई सरकारी कार्यालय, बैंक और थोड़ी दूरी पर इंटर कॉलेज भी संचालित हैं। ऐसे पवित्र और संवेदनशील क्षेत्र में सभी मानकों की अनदेखी करते हुए शराब की दुकान खोल दी गई है, जो सरासर गलत है और स्थानीय धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ है।
उन्होंने कहा कि शराब की दुकान के विरोध में क्षेत्रीय जनता आक्रोशित है और युवा कई दिनों से इस दुकान को हटाने की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं, इसके बावजूद अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। मनोज शर्मा ने आरोप लगाया कि इतने नियमों और मानकों को ताक पर रखकर अनुमति देने वाले संबंधित भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी अधिकारी इस प्रकार की लापरवाही और मनमानी करने की हिम्मत न कर सके।
अवैध शराब तस्करी पर भी कसा शिकंजा लगाने की मांग
मनोज शर्मा ने ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया कि भीमताल विधानसभा के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री धड़ल्ले से हो रही है। देर रात अवैध रूप से शराब की सप्लाई की जाती है और शराब तस्कर एक फोन पर दूरस्थ इलाकों तक भी शराब पहुंचा रहे हैं, जिससे विशेष रूप से मातृ शक्ति बेहद परेशान है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि अवैध शराब के बढ़ते जाल से सामाजिक ताना-बाना प्रभावित हो रहा है और परिवारों में कलह के साथ अपराधों में भी बढ़ोतरी की आशंका बनी रहती है। उन्होंने मांग की कि अवैध शराब तस्करी में लिप्त लोगों के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाकर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

+ There are no comments
Add yours