भीमताल। भीमताल क्षेत्र के बोहराकून–आमडाली–तल्लीताल से भीमेश्वर मंदिर तक पहुँचने वाले मोटर मार्ग के डामरीकरण और सुधारीकरण की शुरुआत हो गई है। बुधवार को विधायक राम सिंह कैड़ा ने लगभग 1 करोड़ 3 लाख रुपये की लागत से होने वाले डामरीकरण व सुधारीकरण कार्य का शिलान्यास कर कार्य का शुभारंभ किया।
यह मोटर मार्ग लम्बे समय से बदहाल अवस्था में होने के कारण स्थानीय ग्रामीणों, व्यापारियों और क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय व्यापारियों व पर्यटन से जुड़े लोगों ने मार्ग की दुर्दशा को लेकर विधायक राम सिंह कैड़ा से डामरीकरण की मांग की थी।
मांग पर संज्ञान लेते हुए विधायक कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मोटर मार्ग के डामरीकरण व सुधारीकरण के लिए डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। शासन स्तर पर स्वीकृति मिलने के बाद अब 1 करोड़ 3 लाख रुपये की लागत से मार्ग के डामरीकरण व सुधार कार्य की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
विधायक कैड़ा ने इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक के क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों पर लगातार डामरीकरण व सुधार कार्य कराए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों और पर्यटकों को बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मण्डल अध्यक्ष कमल जोशी, पंकज जोशी, अनिल चनौतिया , पंकज उप्रेती, धन सिंह राणा सहित क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours