नैनीताल फूड फेस्टिवल का भव्य समापन — पर्यटकों ने चखे पहाड़ी व्यंजनों के स्वाद

Estimated read time 1 min read





कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने प्रतिभागियों को किया सम्मानित, पारंपरिक पकवान बने आकर्षण का केंद्र

भीमताल । उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर डीएसए मैदान, नैनीताल में आयोजित दो दिवसीय फूड फेस्टिवल का रविवार को रंगारंग समापन हुआ। जिला पर्यटन विकास विभाग, कुमाऊं मंडल विकास निगम एवं होटल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस आयोजन ने स्थानीय व्यंजनों और संस्कृति का जीवंत प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने फेस्टिवल में भाग लेने वाले 16 होटल एवं रेस्टोरेंट प्रतिनिधियों को प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल पर्यटन को प्रोत्साहित करते हैं बल्कि राज्य की पारंपरिक पाक-संस्कृति को नई पहचान भी देते हैं। फेस्टिवल में पर्यटकों ने गहत के कबाब, शिकारी भात, मास का चौसा, गणों का सूप जैसे पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लिया। विभिन्न रेस्टोरेंट्स और संस्थानों द्वारा तैयार पहाड़ी पकवानों ने पर्यटकों को खूब आकर्षित किया। कार्यक्रम में अनुज साह बैंड ग्रुप की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी अतुल भंडारी ने बताया कि इस दो दिवसीय फूड फेस्टिवल का उद्देश्य पर्यटकों को उत्तराखण्ड के पारंपरिक व्यंजनों से परिचित कराना और स्थानीय भोजन को बढ़ावा देना था। होटल एसोसिएशन अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट ने कहा कि ऐसे आयोजन पारंपरिक स्वादों को नई पहचान देते हैं और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाते हैं।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, उप जिलाधिकारी नवाजिश खालिक, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल, एसडीएम धारी अंशुल भट्ट, होटल व्यवसायी और बड़ी संख्या में पर्यटक उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours