भीमताल । वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस पर भीमताल विधानसभा क्षेत्र की जनता को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह अवसर आत्ममंथन का भी है कि राज्य निर्माण के 25 वर्ष बीत जाने के बाद हमने वास्तव में क्या हासिल किया है।
शर्मा ने कहा कि “आज भी वही सवाल खड़े हैं — क्या राज्य जनभावनाओं के अनुरूप विकसित हुआ, क्या राज्य का पानी और जवानी राज्य के काम आई, क्या हम शहादतों का कर्ज चुका पाए?”
उन्होंने कहा कि धरातल पर स्थिति संतोषजनक नहीं दिखती। निरंतर पलायन, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, बदहाल व्यवस्थाएं और मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करते पहाड़ आज भी बड़ी चुनौती बने हुए हैं। वहीं भ्रष्ट राजनेताओं, नौकरशाहों और माफियाओं के गठजोड़ से पहाड़ों की लूट जारी है। मनोज शर्मा ने कहा कि वह लक्सर विधायक शहजाद जी के विधानसभा में दिए गए बयान का समर्थन करते हैं, जिसमें उन्होंने कहा था कि “जब पहाड़ में पहाड़ी मुख्यमंत्री, विधायक, सांसद और डीएम हैं, तब भी पहाड़ में विकास क्यों नहीं हो रहा? पलायन रोकने की ठोस नीति क्यों नहीं बन रही?” उन्होंने कहा कि चुनाव जीतते ही नेताओं की आलिशान कोठियां महानगरों में बन जाती हैं, ऐसे में पहाड़ का दर्द कौन समझेगा। वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षों में सरकार जनता को केवल इस्तेमाल करने का माध्यम बना चुकी है। राज्य में खनन माफियाओं और शराब माफियाओं का बोलबाला है, जबकि जनता की याद केवल चुनाव के समय की जाती है। उन्होंने कहा कि अब समय है जब जनता अपने अधिकारों और पहाड़ के अस्तित्व की रक्षा के लिए एकजुट होकर आवाज उठाए।

+ There are no comments
Add yours