हल्द्वानी में आयोजित की गई थी आंचल मैराथन दौड़
भीमताल । उत्तराखंड राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर शनिवार को इंपीरियम सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित आंचल मैराथन दौड़ प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने सम्मानित किया। प्रतियोगिता का आयोजन नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड द्वारा किया गया था। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंची कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान करते हुए कहा कि मैराथन हमें फिटनेस, निरंतर परिश्रम और हर परिस्थिति में उम्मीद बनाए रखने की प्रेरणा देती है। युवाओं को इन गुणों को अपनाकर प्रदेश और देश की विकास यात्रा में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश को खेल के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए युवाओं को कड़ी मेहनत करनी होगी। राज्य सरकार खिलाड़ियों को हर संभव सहायता दे रही है। उन्होंने बताया कि पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न नौकरी दी जा रही है तथा सरकारी नौकरियों में 4 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान भी किया गया है।
मैराथन दौड़ के बालक वर्ग में नीरज नेगी प्रथम, तुषार द्वितीय और सौरभ रावत तृतीय स्थान पर रहे। वहीं बालिका वर्ग में पूजा बिष्ट प्रथम, मेघा गोस्वामी द्वितीय और अनु भट्ट तृतीय स्थान पर रहीं। सभी विजेताओं को खेल मंत्री रेखा आर्या ने प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा, पूर्व विधायक नवीन चंद्र दुमका, प्रदेश महामंत्री युवा मोर्चा दीपेंद्र कोश्यारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष पान सिंह मेवाड़ी, गोपाल सिंह गंगोला, लीला बिष्ट, त्रिलोक सिंह, प्रकाश गाजुला, दीपा रैक्वाल, गोविंद मेहता, दीपा बिष्ट, अशोक जोशी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours