कांग्रेस नेता मनोज शर्मा के नेतृत्व में भीमताल लघु सिंचाई विभाग कार्यालय में प्रदर्शन, न्यायिक जांच की मांग
भीमताल । धारी ब्लॉक के देवनगर–पलड़ा गांव में लघु सिंचाई विभाग द्वारा निर्मित मिनी डैम के निर्माण में अनियमितताओं को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। बताया गया कि लगभग 8 माह पूर्व बने इस मिनी डैम का निर्माण कार्य पूरा होने के मात्र 2 महीने बाद ही डैम टूट गया, जिससे ग्रामीणों को भारी नुकसान हुआ। मिनी डैम के टूटने से क्षेत्र के खेत, बगीचे और घरों को नुकसान पहुंचा है। विभागीय लापरवाही से आक्रोशित ग्रामीणों ने मंगलवार को लघु सिंचाई विभाग कार्यालय, भीमताल में जोरदार प्रदर्शन किया। अधिशासी अभियंता की अनुपस्थिति में ग्रामीणों ने सहायक अभियंता का घेराव किया और विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि लाखों रुपये की यह योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य शुरू से ही अनियमितताओं से भरा रहा — चिन्हित स्थान के बजाय आसान पहुँच वाले क्षेत्र में निर्माण किया गया, जिससे मानकों की अनदेखी और घटिया सामग्री के उपयोग से डैम मात्र दो माह में ही टूट गया। मनोज शर्मा ने कहा कि ग्रामीणों द्वारा कई बार शिकायत करने के बावजूद विभागीय अधिकारियों ने कोई कार्यवाही नहीं की। उन्होंने अधीक्षण अभियंता, लघु सिंचाई नैनीताल को सहायक अभियंता के माध्यम से ज्ञापन भेजकर पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच और दोषी अधिकारियों एवं ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान नंदाबलभ बृजवासी, दीपक पोडवाल, अमित कुमार, पंकज तिवारी, राजू शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours