10 वर्षों से लंबित “भूगड़ा गधेरा पेयजल लिफ्ट योजना” को जल्द शुरू करने की मांग
भीमताल । धारी ब्लॉक के पलड़ा, गुनियालेख व आस-पास के कई गांवों में लगातार बढ़ते पेयजल संकट को लेकर भीमताल विधानसभा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने रविवार को जिलाधिकारी नैनीताल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि ग्राम सभा देवनगर-पलड़ा के भूगड़ा गधेरे में पूरे वर्ष पर्याप्त जल स्रोत उपलब्ध है, लेकिन इसके बावजूद ऊपर के इलाकों में रहने वाली हजारों की आबादी वर्षों से पेयजल संकट से जूझ रही है। शर्मा ने कहा कि लगभग 10 वर्ष पूर्व इस गंभीर समस्या को देखते हुए तत्कालीन सरकार ने “भूगड़ा गधेरा पेयजल लिफ्ट योजना” की स्वीकृति दी थी। कई चरणों में सर्वे कार्य भी पूरा किया गया और डी.पी.आर. शासन को भेजी गई, किंतु आज तक योजना शासन स्तर पर लंबित पड़ी है।
उन्होंने बताया कि “गधेरे का जल अनवरत नीचे की ओर बह रहा है, जबकि ऊपर के गांवों में लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं।” यह स्थिति व्यवस्था की उदासीनता का परिणाम है, जिसका खामियाज़ा आमजनता को भुगतना पड़ रहा है। कांग्रेस नेता ने कहा कि वे स्वयं भूगड़ा गधेरे का स्थलीय निरीक्षण कर चुके हैं और गर्मियों में भी यहां पर्याप्त जल उपलब्ध रहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि शासन-प्रशासन व जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों ने समय रहते इस योजना को प्राथमिकता दी होती, तो आज हजारों ग्रामीणों को राहत मिलती।
शर्मा ने मांग की कि इस योजना की गंभीरता को देखते हुए इसका तत्काल निर्माण कार्य शुरू कराया जाए।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने ज्ञापन प्राप्त करने के बाद योजना की गंभीरता को स्वीकार करते हुए शीघ्र कार्यवाही का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वे स्वयं निर्माण एजेंसी को बुलाकर इस पर ठोस कार्रवाई के निर्देश देंगे।

+ There are no comments
Add yours