सीएम धामी ने किया शिलान्यास, बोले– सड़क होगी विकास की धुरी
भीमताल । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को ऊधम सिंह नगर जनपद के खटीमा–मेलाघाट राज्य मार्ग (राजमार्ग संख्या 107) के पुनर्निर्माण कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया। 20.89 करोड़ रुपये (2089.74 लाख) की लागत से स्वीकृत इस परियोजना में 11.50 किलोमीटर लंबी सड़क का पुनर्निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही केसी ड्रेनेज सिस्टम, सड़क सुरक्षा कार्य, रोड साइनएज की स्थापना तथा टीबीएम एवं बीसी द्वारा सुदृढ़ीकरण कार्य किए जाएंगे। सीएम धामी ने कहा कि यह सड़क न केवल खटीमा क्षेत्र के विकास की धुरी है, बल्कि भारत–नेपाल सीमावर्ती संपर्क का भी महत्वपूर्ण मार्ग है। इसके सुधारीकरण से स्थानीय ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी और सीमावर्ती व्यापार, पर्यटन तथा शिक्षा से जुड़े अवसरों को भी नई दिशा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क निर्माण कार्यों के साथ भू–कटाव रोकने और जल निकासी व्यवस्था के सुधार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि सड़क लंबे समय तक टिकाऊ और सुरक्षित बनी रहे। उन्होंने कहा कि खटीमा अब शिक्षा का हब बन चुका है, जहाँ सीमावर्ती क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “कनेक्टिविटी ही विकास की रीढ़” के संकल्प को साकार कर रही है। इसी दिशा में उत्तराखंड के हर क्षेत्र में सड़कों का विस्तार और आधुनिकीकरण तेज गति से किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमूह को दीपावली और आगामी त्योहारों की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि पर्वों पर राज्य की सुरक्षा, सौहार्द और स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री फरजाना बेगम, अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, मोहनी पोखरिया, किशन सिंह (किन्ना), जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा, उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण जय किशन, एडीएम पंकज उपाध्याय, सीएमओ डॉ. के.के. अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता लो.नि.वि. अनिल पांगती, अधिशासी अभियंता एन.के. अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि व स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours