नैनीताल में नए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने संभाला कार्यभार

Estimated read time 1 min read





जनसमस्याओं के समाधान व विकास कार्यों को समयबद्ध पूर्ण करना सर्वोच्च प्राथमिकता

भीमताल । नैनीताल के नवागंतुक जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मंगलवार को पदभार ग्रहण किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की योजनाओं और नीतियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुँचाना तथा आमजन से जुड़े कार्यों का समयबद्ध समाधान उनकी प्राथमिकता होगी। जिलाधिकारी रयाल ने सर्वप्रथम कोषागार नैनीताल पहुँचकर द्वितालक में जमा अभिलेखों एवं स्टाम्पों का परीक्षण किया और तत्पश्चात औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि जिले में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार, यातायात व्यवस्था में सुधार, विकास कार्यों की समय पर पूर्णता तथा पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाना प्रशासन की जिम्मेदारी होगी। उन्होंने कहा कि नैनीताल आने वाले पर्यटकों को सुगम एवं सुरक्षित सुविधाएँ उपलब्ध कराना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। साथ ही, चल रहे विकास कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग कर उन्हें तय समयसीमा में पूरा किया जाएगा। कार्यभार ग्रहण करने के बाद जिलाधिकारी ने सभाकक्ष में मुख्य विकास अधिकारी और राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में संचालित विकास एवं राजस्व कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पारदर्शिता व संवेदनशीलता के साथ जनसमस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को तेजी से क्रियान्वित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि संवादहीनता नहीं होनी चाहिए। अधिकारी उत्साह और उमंग से जनता से मिलें, उनकी समस्याएँ सुनें और उनका समय पर समाधान करें। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को ग्राम्य विकास, कृषि, उद्यान, पशुपालन, समाज कल्याण, बाल विकास, पंचायतीराज सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों का निर्गमन समय से सुनिश्चित किया जाए तथा यूसीसी प्रमाण पत्र संबंधी प्रकरणों का समय पर निस्तारण हो।
जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि न्यायालयों में लंबित वादों का त्वरित निस्तारण करें तथा राजस्व विरासत प्रकरणों का समाधान राजस्व मैनुअल के अनुसार समय पर सुनिश्चित किया जाए। इससे पूर्व उनके जनपद आगमन पर कलक्ट्रेट में पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। कार्यभार संभालने के उपरांत प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने जिलाधिकारी का स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अनामिका, अपर जिलाधिकारी (प्रशा.) विवेक कुमार, अपर जिलाधिकारी (राजस्व) शैलेन्द्र सिंह नेगी, सचिव जिला विकास प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार, परितोष वर्मा, रेखा कोहली, राहुल वर्मा, बी.सी. पंत, नवाजिश खलिक, मुख्य कोषाधिकारी कमलेश भंडारी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours