कैड़ा गांव के बच्चों की शिक्षा पर संकट, पांच साल से शिक्षकविहीन विद्यालय

Estimated read time 0 min read





ग्रामीणों ने ब्लॉक प्रमुख को सौंपा ज्ञापन

भीमताल । ओखलकांडा ब्लॉक के ग्राम सभा कुकना, धैना और कैड़ा गांव के ग्रामीणों ने ब्लॉक प्रमुख को सामूहिक ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को उठाते हुए शीघ्र समाधान की मांग की। ज्ञापन में कैड़ा गांव रीठा साहिब पहुँच मोटर मार्ग, कुकना से देवली मोटर मार्ग निर्माण, जंगली जानवरों से बचाव के लिए घेरवाड़, प्राथमिक उपचार की व्यवस्था और कैड़ा गांव हाई स्कूल के उच्चीकरण की मांग की गई।
ग्रामीणों ने विशेष रूप से कैड़ा गांव के जूनियर विद्यालय की दुर्दशा पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि विद्यालय पिछले पाँच वर्षों से शिक्षकविहीन है, जिससे बच्चों को छह किलोमीटर दूर चंपावत जनपद के बिनवाल गांव के विद्यालय तक घने जंगल से होकर जाना पड़ता है। यह मार्ग जंगली जानवरों से भरा होने के कारण बेहद खतरनाक है। ग्रामीणो ने कहा कि शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित रहना उनके बच्चों के भविष्य के साथ अन्याय है। इस पर ब्लॉक प्रमुख ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि शीघ्र ही विद्यालय में शिक्षकों की नियुक्ति के लिए विभागीय स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। ज्ञापन देने वालों में पूर्व ग्राम प्रधान एवं वर्तमान क्षेत्र पंचायत सदस्य मदन सिंह नौलिया, गणेश सिंह नेगी, केसर सिंह धौनी, प्रकाश सिंह कैड़ा, गंगा सिंह कैड़ा, ध्यान सिंह कैड़ा, भीम सिंह कुटोला, तारा सिंह नेगी सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours