जिलाधिकारी वंदना का मुक्तेश्वर क्षेत्र में दौरा, ग्रामीणों से की सीधी बात, दिए विकास और समाधान के निर्देश

Estimated read time 1 min read





भीमताल । जिलाधिकारी वंदना गुरुवार को प्रशासन की साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत मुक्तेश्वर क्षेत्र के दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में पहुँचीं, जहाँ उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएँ जानीं और उनके समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए ओद्यानिकी विभाग के एप्पल मिशन के तहत तैयार किए गए बागानों का भ्रमण किया। जिलाधिकारी ने काश्तकारों से फलोत्पादन की जानकारी ली और उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया। क्षेत्र भ्रमण के दौरान उन्होंने पर्यटन से जुड़े होटल और होमस्टे संचालकों के साथ बैठक कर पर्यटन क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं पर चर्चा की। महिला स्वयं सहायता समूहों से मुलाकात कर उनके कार्यों और उत्पादों की जानकारी ली तथा उनके उत्साह को बढ़ाया। जिलाधिकारी ने ग्राम सभा सूपी स्थित टेरी परियोजना स्थल पर संचालित कुमाऊं वाणी सामुदायिक रेडियो केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सामुदायिक रेडियो ग्रामीणों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुँचाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने निर्देश दिए कि कृषि, उद्यान, ग्राम्य विकास और अन्य विभाग इस माध्यम से समय-समय पर सरल भाषा में ग्रामीणों को उपयोगी जानकारी प्रदान करें। ग्राम सूपी में जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल की समस्या रखी। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल संस्थान को 10 दिन के भीतर समस्या के समाधान के निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि यदि निर्धारित समय में समस्या का निस्तारण नहीं हुआ तो संबंधित अवर अभियंता का वेतन रोका जाएगा। जिलाधिकारी ने किसानों से कृषि और ओद्यानिकी क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली और वैज्ञानिक संस्थानों के सहयोग से हाई वैल्यू फसलों का उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि किसानों की आय में वृद्धि हो सके।
उन्होंने ग्रामीणों द्वारा स्वैच्छिक चकबंदी की मांग पर उप जिलाधिकारी और तहसीलदार को आवश्यक पहल करने के निर्देश दिए। जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान की शिकायत पर उन्होंने मुख्य कृषि अधिकारी को गांव में तारबाड़ लगाने हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों द्वारा सरकारी भूमि और सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण की शिकायत पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ऐसे सभी कब्जे दस दिन के भीतर हटाए जाएं और प्रत्येक पटवारी से प्रमाण पत्र लिया जाए कि उनके क्षेत्र में कोई अतिक्रमण नहीं है। जिलाधिकारी ने बूढ़ीबना में एप्पल मिशन के अंतर्गत बनाए गए सेब के बागान का निरीक्षण किया और युवा आनंद सिंह के कार्य को रिवर्स पलायन का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए अन्य युवाओं से भी स्वरोजगार अपनाने का आह्वान किया। कसियालेख स्थित पीएम श्री इंटर कॉलेज के निरीक्षण में उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। विद्यालय की बेहतर शैक्षिक गतिविधियों को देखते हुए उन्होंने प्रभारी प्रधानाचार्य को राज्य स्थापना दिवस पर सम्मानित करने की घोषणा की तथा पेयजल और खेल मैदान की व्यवस्था हेतु संबंधित विभागों को कार्यवाही के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग विश्रामगृह कसियालेख में मुक्तेश्वर होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों के साथ बैठक के दौरान उन्होंने पेयजल, सड़क सुधार, कूड़ा निस्तारण और अवैध होमस्टे से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने जल संस्थान को 10 दिन में अधूरे कार्य पूरे करने, सड़कों में पैचवर्क और क्रैश बैरियर लगाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने बढ़ते पर्यटन को देखते हुए विभिन्न स्थानों पर छोटी पॉकेट पार्किंग विकसित करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि एक सप्ताह के भीतर क्षेत्र में संचालित सभी होटल और होमस्टे का सर्वे कर अवैध संचालन पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने सड़क सुरक्षा के लिए पूरे क्षेत्र का रोड सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश भी दिए। भटेलिया में बंद पड़े हाईटेक शौचालय के संचालन की मांग पर उन्होंने पर्यटन अधिकारी को इसे शीघ्र जिला पंचायत के माध्यम से चालू कराने और आउटलेट्स को महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से संचालित करने के निर्देश दिए। गांव सुनकिया में जिलाधिकारी ने घस्यारी स्वयं सहायता समूह द्वारा बनाए गए घस्यारी होमस्टे का निरीक्षण किया। उन्होंने चीड़ और निगाल से बने इस होमस्टे की सराहना की और कहा कि इस तरह की पहल से ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने जिला पर्यटन अधिकारी को ग्रामीण इलाकों में बने होमस्टे के आसपास साइनेज, कूड़ादान और सौर लाइट लगाने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, उप जिलाधिकारी धारी के. एन. गोस्वामी सहित कृषि, उद्यान, पशुपालन, लोनिवि, सिंचाई, पर्यटन आदि विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours