भीमताल । विधानसभा भीमताल के वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने गुरुवार को वरिष्ठ परियोजना अधिकारी, उरेड़ा (अक्षय ऊर्जा) से भेंट कर ज्ञापन प्रेषित किया। उन्होंने कहा कि भीमताल विधानसभा के अधिकांश क्षेत्र पर्वतीय और दूरस्थ हैं, जहाँ आज भी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। मनोज शर्मा ने बताया कि इन दिनों विधानसभा के विभिन्न इलाकों में बाघ का मूवमेंट देखा जा रहा है। कई गाँव जंगल से सटे हैं, जहाँ कुछ घर आबादी से दूर स्थित हैं। ऐसे में बिजली कटने पर पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है और ग्रामीणों का जीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए उरेड़ा विभाग को ऐसे सभी जंगल से सटे क्षेत्रों को चिन्हित कर विस्तृत कार्ययोजना बनानी चाहिए। प्रत्येक घर में कम से कम एक सोलर लाइट लगाई जाए, जिससे दूरस्थ इलाकों में रहने वाले लोगों को राहत मिल सके। कांग्रेस नेता ने कहा कि धरातल पर स्थिति बेहद चिंताजनक है। अधिकारी और जनप्रतिनिधि केवल हवाई दौरे तक सीमित हैं, जबकि ग्रामीण अब भी मूलभूत समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने मांग की कि विभाग तत्काल प्रभाव से ऐसे चिन्हित क्षेत्रों में सोलर लाइट लगाने की कार्यवाही शुरू करे, ताकि पर्वतीय ग्रामीणों को अंधेरे से मुक्ति मिल सके।

+ There are no comments
Add yours