लोअर मॉल रोड धंसने व बागेश्वर पुल क्षति पर होगी त्वरित कार्रवाई, लापरवाही बर्दाश्त नहीं – मुख्यमंत्री
भीमताल । सर्किट हाउस काठगोदाम में शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपदा पीड़ितों के साथ मजबूती से खड़ी है और राहत व पुनर्निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता को त्वरित राहत उपलब्ध कराना और समयबद्ध ढंग से कार्य संपन्न करना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। बैठक के दौरान मंडलायुक्त और जिलाधिकारी ने जिले में आपदा से हुई क्षति की विस्तृत जानकारी दी। बताया गया कि नैनीताल जिले में अब तक लगभग 443 करोड़ रुपये का नुकसान आंका गया है। लोअर मॉल रोड धंसने, बागेश्वर में पुलों की क्षति, रानीबाग पावर हाउस की समस्या, ओखलकांडा व धारी ब्लॉक के मार्ग अवरुद्ध होने और राष्ट्रीय राजमार्गों पर भूस्खलन जैसी गंभीर चुनौतियाँ सामने आई हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस बार असामान्य वर्षा और भूस्खलन के कारण राज्य के लगभग सभी जनपदों को भारी नुकसान झेलना पड़ा है। इसलिए राहत और पुनर्निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि एक माह के भीतर सड़कों का पैचवर्क पूरा हो, जल निकायों से अतिक्रमण हटाया जाए और प्रभावित क्षेत्रों में स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएँ। हल्द्वानी-नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग पर घटिया हॉटमिक्स कार्य कराने वाले अधिकारियों और ठेकेदार पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा गया। मुख्यमंत्री ने सिंचाई विभाग को जलाशयों में डी-सिल्टिंग की ठोस योजना बनाने और स्वास्थ्य विभाग को मानसून के दौरान जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए व्यापक तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएँ और सभी चिकित्सा केंद्रों में आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध हों। साथ ही जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जन निवारण एवं बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन नियमित रूप से किया जाए।
मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता आपदा प्रभावित क्षेत्रों का पुनर्निर्माण और प्रभावित जनता को शीघ्र राहत पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि चाहे सड़कें हों, जल निकाय हों या आवासीय क्षेत्र, हर स्तर पर समन्वित प्रयासों से पुनर्निर्माण कार्य तेज़ी से आगे बढ़ाए जाएंगे। बैठक में अध्यक्ष जिला पंचायत दीपा दरमवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, विधायक बंशीधर भगत, डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, दीवान सिंह बिष्ट, राम सिंह केड़ा, प्रमोद नैनवाल सहित मंडलीय अधिकारी उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours