मुख्यमंत्री धामी ने किया एशियन कैडेट कप फेंसिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ

Estimated read time 1 min read





17 एशियाई देशों के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा, खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकार हरसंभव मददगार

भीमताल । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, गौलापार में एशियन कैडेट कप फेंसिंग प्रतियोगिता का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। पाँच दिन चलने वाले इस आयोजन में एशिया के 17 देशों के 250 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें भारत से लगभग 150 खिलाड़ी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में कहा कि खेलों के क्षेत्र में उत्तराखंड निरंतर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ी अपने अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच से न केवल खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे, बल्कि समाज के समक्ष भी आदर्श प्रस्तुत करेंगे। राज्य सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री खेल विकास निधि, उदीयमान खिलाड़ी योजना और खेल किट योजना जैसे कार्यक्रम चला रही है। साथ ही, राजकीय सेवाओं में खिलाड़ियों के लिए 4 प्रतिशत कोटे को पुनः लागू किया गया है और उत्कृष्ट खिलाड़ियों को 50-50 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय और महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। राज्य में 517 करोड़ रुपये की लागत से विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना विकसित की जा रही है, जिससे उत्तराखंड न केवल राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का भी प्रमुख केंद्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर इतिहास रचा है। फेंसिंग खेल के महत्व पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह खेल अब युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है और भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की पहचान को और सशक्त करेगा। उन्होंने खिलाड़ियों से नशा मुक्ति, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए भी समाज को प्रेरित करने का आह्वान किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय फेंसिंग महासंघ के महासचिव राजीव मेहता, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, राम सिंह कैड़ा, प्रमोद नैनवाल, उत्तरांचल ओलंपिक संघ के अध्यक्ष महेश नेगी, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खेल प्रेमी और विभिन्न देशों से आए खिलाड़ी उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours