सफलता की मिसाल : मोटाहल्दू की पुष्पा पढ़ालनी बनी आत्मनिर्भरता की पहचान

भीमताल । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही योजनाओं का असर अब जमीनी स्तर पर साफ दिखने लगा है। जनपद नैनीताल के मोटाहल्दू की निवासी पुष्पा पढ़ालनी इसका जीवंत उदाहरण हैं। उत्तराखंड सरकार की रीप (REAP) परियोजना के अंतर्गत पुष्पा को ₹75,000 की वित्तीय सहायता प्राप्त हुई। स्वयं ₹75,000 का योगदान और बैंक से ₹1,50,000 का ऋण लेकर उन्होंने कुल ₹3,00,000 की पूंजी से अपने घर पर ही फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित की। इस यूनिट के माध्यम से पुष्पा अपने समूह की अन्य महिलाओं के साथ मिलकर मांस की बड़ी, उड़द दाल की बड़ी, मुगौड़ी, अचार और चिप्स जैसे पारंपरिक व पौष्टिक उत्पाद तैयार कर रही हैं। इनकी बिक्री स्थानीय बाजारों, हिलांस स्टोर, मेलों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से की जा रही है। यह प्रयास न केवल पुष्पा की आर्थिक स्वतंत्रता का आधार बन चुका है, बल्कि उन्हें सालाना लगभग ₹6,00,000 की आमदनी भी हो रही है। खर्चों को निकालने के बाद करीब ₹3,00,000 की शुद्ध बचत होती है।
पुष्पा पढ़ालनी की मेहनत और लगन राज्य सरकार की योजनाओं की सफलता का प्रमाण है। उनकी उपलब्धि समाज के लिए प्रेरणा बन चुकी है और यह साबित करती है कि अवसर और संकल्प के साथ आत्मनिर्भरता की राह किसी भी महिला के लिए कठिन नहीं रह जाती।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours