कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने मालरोड का निरीक्षण किया, स्थायी समाधान के दिए निर्देश

Estimated read time 1 min read





भीमताल। नैनीताल नगर के लोअर मालरोड में सड़क धसाव के कारण एहतियातन यातायात रोक दिया गया है। स्थायी रोकथाम कार्य पूर्ण होने तक लोक निर्माण विभाग द्वारा वैकल्पिक रैंप का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। गुरुवार को कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग एवं अन्य अधिकारियों के साथ स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने भू-धसाव स्थल, रैंप निर्माण कार्य एवं सुरक्षा उपायों की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान उपस्थित भू वैज्ञानिक लेघराज से पूर्व में हुए भू वैज्ञानिक सर्वे की विस्तृत जानकारी भी ली गई। आयुक्त ने सिंचाई विभाग को झील के चारों ओर क्षतिग्रस्त दीवारों की मरम्मत का प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मालरोड के स्थायी समाधान को उत्तराखंड शासन प्राथमिकता से ले रहा है। लोक निर्माण विभाग और टीएचडीसी मिलकर लगभग 190 मीटर सड़क के धसाव क्षेत्र की डीपीआर तैयार कर शासन को भेजेंगे।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने बताया कि 25 मीटर सड़क की मरम्मत हेतु वर्ष 2018 में लगभग चार करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त हुई थी, जिससे कुछ कार्य हुए हैं, शेष कार्य तत्काल पूरे किए जाएं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को यातायात शीघ्र सुचारू करने के भी निर्देश दिए।
आयुक्त ने मालरोड स्थित पुस्तकालय भवन का भी निरीक्षण किया और क्षतिग्रस्त हिस्सों की शीघ्र मरम्मत हेतु अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को आदेशित किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग पी.एस. बृजवाल, मुख्य अभियंता सिंचाई विभाग संजय शुक्ला, अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी, सचिव जिला विकास प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल, भू वैज्ञानिक लेघराज समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours