मुख्यमंत्री धामी के जन्मदिवस पर जनपदभर में बहुउद्देशीय शिविर, योजनाओं का लाभ पहुँचा अंतिम छोर तक

भीमताल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर मंगलवार को जनपद के सभी विकासखण्डों में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर जनता को योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया। हल्द्वानी के राजकीय इंटर कॉलेज लामाचौड़ में आयोजित शिविर का शुभारंभ सांसद अजय भट्ट और विधायक बंशीधर भगत ने किया। वहीं, ओखलकांडा के तहसील खनस्यूँ परिसर में आयोजित शिविर में क्षेत्र प्रमुख के.डी. रुवाली, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने सहभागिता की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशवासियों को शुभकामनाएँ दीं और शिविर में उपस्थित लोगों से संवाद करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुँचाने के लिए कृतसंकल्प है। हल्द्वानी शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने 69 लोगों का परीक्षण कर औषधि दी। पशुपालन विभाग ने 27 पशुपालकों को लाभान्वित किया, उद्यान विभाग ने 17 किसानों को योजनाओं से जोड़ा और कृषि विभाग ने 46 लोगों को परामर्श दिया। उरेडा, विद्युत, पेयजल, समाज कल्याण, उद्योग, पंचायतीराज, ग्रामीण अभियंत्रण, श्रम, राजस्व और नगर निगम समेत अन्य विभागों ने भी लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी दी। इसी दौरान कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग ने रोजगार मेले का आयोजन किया, जिसमें 85 युवाओं ने पंजीकरण कराया। पुखराज हेल्थकेयर प्रा.लि., रुद्रपुर ने 14 युवाओं का चयन किया, जबकि अशोका लीलैंड समूह ने 50 युवाओं का चयन कर उन्हें लिखित परीक्षा हेतु आमंत्रित किया।ओखलकांडा के खनस्यूँ शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने 40 लोगों का परीक्षण कर औषधि दी। कृषि और उद्यान विभाग ने 35 किसानों को लाभान्वित किया, पीएम किसान सम्मान निधि के 12 लाभ वितरित किए गए और बाल विकास विभाग ने 5 महालक्ष्मी किटें दीं। समाज कल्याण विभाग ने 26 पेंशनें स्वीकृत कीं, बीपीएल सूची में 29 नाम जोड़े गए, 5 जन्म प्रमाणपत्र और 1 मृत्यु प्रमाणपत्र जारी किया गया, साथ ही 2 वृद्ध पेंशन स्वीकृत की गईं। ग्रामीण आजीविका विभाग ने 3500 रुपये का विक्रय किया। इस दौरान ग्रामीणों ने तल्ली पोखरी से चकसैदुल सालगाँव तक सड़क निर्माण की मांग रखी।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि इस प्रकार के शिविरों से स्वास्थ्य सुविधाएँ सीधे जनता तक पहुँचती हैं और महिला समूहों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलता है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाया जाएगा, जिसके तहत जिलेभर में स्वास्थ्य जांच, औषधि वितरण, आयुष्मान कार्ड, रक्तदान शिविर और स्वच्छता अभियान आयोजित होंगे।ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने शिविर आयोजन के लिए सरकार का आभार जताया और कहा कि ऐसे शिविर योजनाओं को स्थानीय स्तर तक पहुँचाने का प्रभावी माध्यम हैं। इस अवसर पर हल्द्वानी शिविर में दर्जा राज्यमंत्री सुरेश भट्ट, ब्लॉक प्रमुख मंजू गौड़, जिला पंचायत सदस्य डॉ. छवि कांडपाल, नोडल अधिकारी/उपजिलाधिकारी राहुल साह, सेवायोजन अधिकारी प्रियंका गड़िया, तहसीलदार मनीषा बिष्ट, तहसीलदार अशुल भट्ट, खंड विकास अधिकारी देशराजा, जेष्ठ प्रमुख सुरेंद्र नदगली, जिला पंचायत सदस्य प्रमोद कोटलिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे। वहीं, ओखलकांडा शिविर में आईएएस अंशुल भट्ट, खंड विकास अधिकारी देशराजा, जेष्ठ प्रमुख सुरेंद्र नदगली और जिला पंचायत सदस्य प्रमोद कोटलिया सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी उपस्थित रहे।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours