जिलेभर में बहुउद्देशीय शिविर, जन समस्याओं का हुआ समाधान

Estimated read time 1 min read





भीमताल । जिले के सभी विकास खंडों में मंगलवार को बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में ग्रामीणों की समस्याओं को सुना गया और मौके पर ही निस्तारण की कार्रवाई की गई। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा क्षेत्रीय जनता को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराते हुए लाभ भी प्रदान किया गया। शिविरों में विभागीय स्टॉल और प्रदर्शनी के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दी गई। चिकित्सा विभाग की ओर से निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और दवाइयां वितरित की गईं, वहीं उद्यान और कृषि विभाग ने किसानों को बीज व अनुदान पर कृषि उपकरण उपलब्ध कराए। महिला एवं बाल विकास विभाग ने लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की और नंदा-गौरा योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना सहित अन्य योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया। पशुपालन विभाग ने बर्ड फ्लू से बचाव और पशुधन बीमा योजनाओं के बारे में जानकारी दी। शिविरों में रक्तदान कैम्प का आयोजन भी किया गया और आधार कार्ड बनाए जाने व सुधार की कार्रवाई संपन्न हुई। इसी क्रम में विकास खंड भीमताल के ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण हेतु राजकीय इंटर कॉलेज अमिया में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों ने आपदा से हुई क्षति, विद्युत लो-वोल्टेज, नए राशन कार्ड बनाए जाने जैसी प्रमुख समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। विभागीय अधिकारियों ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने 50 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवा दी तथा 3 बच्चों का टीकाकरण किया। बाल विकास विभाग ने 3 लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट प्रदान की। उद्यान विभाग ने किसानों को कीटनाशक दवाएं वितरित कीं, जबकि कृषि विभाग ने पीएम किसान निधि, कृषि यंत्रीकरण और बीज वितरण योजनाओं की जानकारी दी। पुलिस विभाग ने सोशल साइट्स पर ठगी से सतर्क रहने की अपील की। पंचायती राज विभाग ने मौके पर 5 जन्म प्रमाण पत्र और 10 यूसीसी पंजीकृत किए। इसी प्रकार 8 ग्रामीणों के आधार कार्ड भी बनाए गए।
शिविर में ग्राम प्रधान डहरा मनोज चनौतिया ने ट्रांसफार्मर व विद्युत समस्या रखी, जिस पर विभागीय अधिकारियों ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इस अवसर पर 31 लोगों ने रक्तदान भी किया, जिसमें जनप्रतिनिधियों के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल रहे।
कार्यक्रम में भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा, ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट, ग्राम प्रधान अमिया पंकज मेहरा, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, उप जिलाधिकारी नवाजिश खलिक, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुलेखा बिष्ट, सहायक परियोजना अधिकारी चंद्रा फर्त्याल, खंड विकास अधिकारी हर्षित गर्ग सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours